भीलवाड़ा के लाडपुरा मेगा हाईवे पर कुड़ी चौराहे के समीप पेट्रोल पंप के सामने बुधवार रात भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी उछलकर दूर जा गिरी और बाल-बाल बच गई। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कोटड़ी चिकित्सालय की मॉर्च्युरी में रखवाया। मामला बीगोद थाना क्षेत्र के भीलवाड़ा-लाडपुरा मेगा हाईवे स्थित कुड़ी चौराहे का है। ट्रेलर ने बाइक को मारी टक्कर कांस्टेबल मुकेश कुमार ने बताया- कुड़ी चौराहे पर पेट्रोल पंप के सामने बीगोद से भीलवाड़ा की तरफ जा रहे ट्रेलर ने भीलवाड़ा से बीगोद की तरफ जा रही बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक सवार बाइक सहित ट्रेलर के नीचे फंस गया, जबकि उसकी पत्नी उछलकर दूर जा गिरी। दर्दनाक हादसे में बाइक चला रहे जगदीश (60) पुत्र लादूलाल तेली निवासी होड़ा, मांडलगढ़ की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनकी पत्नी मोड़ी देवी हादसे में बच गई। दोनों रिश्तेदार के डेथ में बैठने के लिए पुर क्षेत्र गए थे। वहां से लौटने के दौरान हादसे का शिकार हो गए। आज होगा पोस्टमॉर्टम हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर सवाईपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव को कोटड़ी चिकित्सालय की मॉर्च्युरी में रखवाया, जहां गुरुवार सुबह शव का पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।