भीलवाड़ा नगर निगम चुनाव में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिलने के बाद अब महापौर पद को लेकर पार्टी में मंथन तेज हो गया है। मंगलवार से महापौर पद के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई, लेकिन पहले दिन कोई नामांकन दाखिल नहीं हुआ। बुधवार दोपहर 3 बजे तक नामांकन जमा किए जा सकेंगे। चतुर्वेदी ने नेताओं से लिया फीडबैक भाजपा के अजमेर संभाग प्रभारी अरुण चतुर्वेदी ने महापौर और नगर पालिका अध्यक्ष पदों को लेकर पार्टी स्तर पर सक्रियता बढ़ा दी है। उन्होंने भीलवाड़ा नगर निगम और जिले की नगर पालिकाओं से जुड़े प्रमुख नेताओं के साथ बैठक कर संभावित प्रत्याशियों को लेकर विचार-विमर्श किया। महापौर पद के लिए लगातार अलग-अलग स्तर से फीडबैक लिया जा रहा है। चतुर्वेदी ने अजमेर संभाग सहचुनाव प्रभारी लालचंद कटारिया, संगठन जिला प्रभारी संजय जैन, नगर निगम चुनाव प्रभारी वीरदेव, भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल, निर्दलीय विधायक अशोक कोठारी, पूर्व विधायक विट्ठल शंकर अवस्थी और भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा से अलग-अलग फीडबैक लिया। सभी जीते पार्षद बाड़ेबंदी में भाजपा के सभी विजयी पार्षद फिलहाल बाड़ेबंदी में हैं। उनके परिजन और चुनाव में हारे प्रत्याशी भी सोमवार रात तक भीलवाड़ा पहुंच चुके हैं। पार्टी अब एक-एक विजयी पार्षद से बातचीत कर अपनी रणनीति के तहत महापौर चुनाव को लेकर राय ले रही है। बहुमत के चलते भाजपा अपने विजयी पार्षदों में से किसी महिला को महापौर पद का प्रत्याशी बना सकती है। फिलहाल कई महिला पार्षदों के नामों पर पार्टी स्तर पर चर्चा और फीडबैक का दौर जारी है। इन नामों पर चर्चा महापौर पद के लिए वार्ड 30 की ममता बाहेती, वार्ड 60 की सुमन ओझा और वार्ड 61 की पूर्णिमा जैन के नाम प्रमुखता से चर्चा में हैं। इनके अलावा वार्ड 33 की नेहा जोशी, वार्ड 48 की प्रेम देवी खोईवाल और वार्ड 29 की खुशबू गोसाई के नाम पर भी विचार किया जा रहा है। हालांकि पार्टी ने अभी किसी नाम पर अंतिम निर्णय नहीं किया है। 17 को जांच, 18 को नाम वापसी महापौर पद के लिए बुधवार दोपहर 3 बजे तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। 17 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 18 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक नाम वापसी का समय रहेगा। इसके बाद 21 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक महापौर पद के लिए मतदान होगा। 22 सितंबर को उपमहापौर का चुनाव उपमहापौर का चुनाव 22 सितंबर को होगा। जिला निर्वाचन विभाग के अनुसार सुबह 10 बजे बैठक के बाद 11 बजे तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे। सुबह 11:30 बजे नामांकन पत्रों की जांच होगी और दोपहर 2 बजे तक नाम वापसी का समय रहेगा। इसके बाद दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्त होते ही मतगणना कर परिणाम घोषित किया जाएगा।