भीलवाड़ा में सावन के अंतिम सोमवार पर पूर्व मंत्री और देहात कांग्रेस जिला अध्यक्ष रामलाल जाट ने कांवड़ यात्रा निकाली। जाट ने अपने विधानसभा क्षेत्र मांडल से हरनी महादेव तक करीब 20 किलोमीटर पैदल यात्रा की। कांवड़ यात्रा के दौरान उन्होंने निकाय चुनाव, कांग्रेस की तैयारियों और राजनीति में धर्म के इस्तेमाल को लेकर बयान दिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का बोर्ड बनने से सरकार पर दबाव बढ़ेगा और वह काम करना सीखेगी। कांवड़ थामकर निकले पूर्व मंत्री जाट निकाय चुनाव की तैयारियों के बीच पूर्व मंत्री और देहात कांग्रेस जिला अध्यक्ष रामलाल जाट इन दिनों भोले बाबा की भक्ति में लीन नजर आए। हाथ में कांवड़ थामे उन्होंने भोले के जयकारे लगाए। सावन के अंतिम सोमवार के मौके पर जाट ने अपने विधानसभा क्षेत्र मांडल से भीलवाड़ा के हरनी महादेव तक करीब 20 किलोमीटर कांवड़ यात्रा निकाली। कई जगह फूल बरसाकर किया स्वागत भीलवाड़ा पहुंचने पर कांवड़ यात्रा का कई स्थानों पर फूल बरसाकर स्वागत किया गया। कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में भोले के भक्त जयकारे लगाते नजर आए। चुनावी समय में पूर्व मंत्री जाट की ओर से निकाली जा रही इस कांवड़ यात्रा को शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है। बोले- कुछ लोग धर्म के नाम पर आम जनता को गुमराह कर रहे कांवड़ यात्रा के दौरान मीडिया से बातचीत में जाट ने कहा कि आज के समय कुछ बाबा लोग भगवा कपड़ा लपेटकर धर्म को दूसरे तरीके से परिभाषित करते हैं। उन्होंने कहा कि धर्म में राजनीति नहीं होनी चाहिए और राजनीति धर्म से करनी चाहिए। लेकिन आज कुछ लोग इसका आम जनता को गुमराह करके फायदा उठा रहे हैं। बोले- सरकार चुनाव नहीं करवाना चाहती थी निकाय चुनाव को लेकर जाट ने कहा कि इन चुनावों से राजस्थान सरकार या भारत सरकार नहीं बदलेगी, लेकिन निरंकुश सरकार पर कांग्रेस का बोर्ड बनने से शिकंजा कस जाएगा। यह सरकार काम करना सीख जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार चुनाव नहीं करवाना चाहती थी। कई राज्यों में भाजपा की सरकार है, लेकिन वे चुनाव नहीं करवा रहे हैं। ये चुनाव माननीय न्यायाधीश की वजह से हो रहे हैं। बोले- चुनाव से सरकार काम करना सीखेगी जाट ने कहा कि इन चुनावों से सरकार नहीं बदलेगी, लेकिन सरकार काम करना सीख जाएगी। उन्होंने आम जनता से कांग्रेस के हाथ के चुनाव चिन्ह पर बटन दबाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे नौजवानों को रोजगार मिले, किसान को उपज का सही दाम मिले, मजदूर को मेहनत का पैसा मिले, व्यापारी पर अनावश्यक टैक्स न लगे और महिलाएं, बच्चे तथा बुजुर्ग सुरक्षित रहें और उन्हें सम्मान मिले। जाट ने कहा कि यह वोट से मिलेगा। बारकोड के जरिए प्रत्याशी चयन का दावा कांग्रेस में गुटबाजी और आपसी खींचतान के सवाल पर जाट ने कहा कि शहर कांग्रेस के पदाधिकारी चयन प्रक्रिया में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि हमारे प्रत्याशी ओम नरानीवाल और शहर अध्यक्ष शिवराम खटीक मिलकर प्रदेश अध्यक्ष की ओर से जारी किए गए बारकोड के माध्यम से प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सभी मिलकर हाथ के निशान पर बटन दबाने की अपील करेंगे, ताकि भीलवाड़ा अच्छा रहे, सुंदर रहे और कांग्रेस का बोर्ड बने। बोले- घर के चार बर्तन भी आवाज करते हैं गुटबाजी और मतभेद के सवाल पर जाट ने कहा कि घर में चार भाई होते हैं, औरतें होती हैं, वहां भी मनमुटाव होते हैं। बर्तन होते हैं तो वे बजते हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक पार्टियों में भी कई जगह मनमुटाव और मतभेद हो सकते हैं। कई धर्म और कई जातियों के लोग होते हैं, इसलिए झगड़ा होना स्वाभाविक है। जब सिंबल वितरित हो जाता है तो झगड़ा नहीं होता है और हम लोग इसी पर चलेंगे।