भीलवाड़ा में कोचिंग से घर लौट रहे 11वीं के स्टूडेंट को तेज रफ्तार डंपर ने कुचल दिया। स्टूडेंट को राहगीरों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गई। हादसे में युवक की बाइक आगे से चकनाचूर हो गई। मामला बड़लियास थाना इलाके के बडला गांव का सुबह 11 बजे का है। कोचिंग से घर लौट रहा था बडला गांव के चौराहे पर एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार अमरतिया गांव में रहने वाले 18 साल के रवि राजपुरावत को टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि रवि 11 वी क्लास का स्टूडेंट है और सवाईपुर में कोचिंग क्लास अटेंड कर बाइक से अपने गांव लौट रहा था। हादसे में बुरी तरह घायल स्टूडेंट को मौके पर मौजूद लोग भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां ड्यूटी डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस ने शव को अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया और डंपर ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इधर, जवान बेटे की मौत के बाद परिजन सदमे में हैं।