पुराने भीलवाड़ा के कोली मोहल्ला, होली का ठान, देवनारायण मंदिर सहित आसपास के इलाकों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से परेशान कोली समाज विकास ट्रस्ट के लोगों ने शुक्रवार को एसपी को ज्ञापन सौंपा। लोगों ने क्षेत्र में चोरी की वारदातों पर रोक लगाने और संदिग्ध आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। इस दौरान उन्होंने पुलिस को एक सीसीटीवी फुटेज भी सौंपा, जिसमें एक व्यक्ति बाइक से आता-जाता नजर आ रहा है। 26 अगस्त को दी थी रिपोर्ट, फिर भी नहीं हुई कार्रवाई ज्ञापन में बताया कि क्षेत्र में पिछले कुछ समय से एक अज्ञात चोर रात के समय घरों को निशाना बना रहा है। इस संबंध में 26 अगस्त को पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाकर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की गई थी, लेकिन लोगों के अनुसार अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। 25 सितंबर को एक साथ तीन घरों में चोरी लोगों ने बताया कि 25 सितंबर को क्षेत्र में चोरी की तीन वारदातें हुईं। शंकर लाल कोली के मकान से करीब 30 हजार रुपए कैश और चांदी की पायजेब, हरीश कोली के मकान से घरेलू सामान और सम्पत कोली के मकान से चांदी के सिक्के और नकदी चोरी हो गई। सीसीटीवी में बाइक से आता-जाता दिखा संदिग्ध ज्ञापन के साथ सौंपे गए सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति बाइक से आता-जाता दिखाई दे रहा है। लोगों का दावा है कि उसके हाथ में लोहे की रॉड नजर आ रही है और वह मौका पाकर चोरी की वारदात को अंजाम देता है। लगातार चोरी की घटनाओं से क्षेत्रवासियों में असुरक्षा और रोष है। उन्होंने पुलिस से सीसीटीवी के आधार पर संदिग्ध की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।