अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करना किसी भी खिलाड़ी के लिए गौरव की बात होती है, लेकिन इसके पीछे छिपी मेहनत और अनुशासन की कहानी काफी लंबी होती है। भोपाल में आयोजित महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान ओलिंपियन समीर दाद और हॉकी के दिग्गज अशोक ध्यानचंद ने बताया कि एक चैंपियन खिलाड़ी तैयार करने के लिए किस तरह के कड़े मानकों से गुजरना पड़ता है।

रोजाना 5 घंटे की ट्रेनिंग

ओलिंपियन समीर दाद के मुताबिक, एक अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी की दिनचर्या बेहद व्यस्त होती है। ट्रेनिंग सुबह और शाम, दोनों समय चलती है। खिलाड़ी को हर दिन लगभग पांच घंटे मैदान पर बिताने होते हैं। इस दौरान स्किल ड्रिल्स, स्ट्रेंथ और फिटनेस पर काम किया जाता है। समीर का मानना है कि हॉकी में सिर्फ गेंद पर नियंत्रण ही काफी नहीं है, बल्कि शरीर और गेंद के बीच बेहतर तालमेल, स्पीड और एंड्योरेंस (सहनशक्ति) का होना भी अनिवार्य है।

चोट का डर और सावधानी

हॉकी जैसे शारीरिक खेल में चोट एक बड़ी चुनौती है। समीर दाद ने चेतावनी दी कि एक गंभीर चोट खिलाड़ी को चार से छह महीने तक खेल से दूर कर सकती है। घुटने या टखने की चोट, फ्रैक्चर या गेंद लगने जैसी घटनाएं खिलाड़ी के करियर की रफ्तार को रोक सकती हैं। इसीलिए, खिलाड़ी के लिए खुद का ख्याल रखना भी ट्रेनिंग का ही एक हिस्सा है।

सेल्फ डिसिप्लिन और आधुनिक हॉकी

हॉकी दिग्गज अशोक ध्यानचंद ने अनुशासन पर जोर देते हुए कहा कि खिलाड़ी को किसी के निर्देश का इंतजार नहीं करना चाहिए, बल्कि उनमें 'सेल्फ डिसिप्लिन' होना चाहिए। उन्होंने आधुनिक हॉकी में आए बड़े बदलावों का भी जिक्र किया। पहले खिलाड़ी 70 मिनट तक मैदान पर खेलते थे, लेकिन अब एस्ट्रोटर्फ पर खेल की रफ्तार बहुत बढ़ गई है। अब 18 सदस्यीय टीम में खिलाड़ियों को लगातार अंतराल पर बदला जाता है, जिससे शारीरिक फिटनेस और मेडिकल रिकवरी की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है।

स्कूलों से निकलेगी हॉकी की नई पौध

अशोक ध्यानचंद का मानना है कि नए खिलाड़ियों को तैयार करने के लिए स्कूलों से शुरुआत करना जरूरी है। इसमें अभिभावकों की भूमिका सबसे अहम है। जब माता-पिता को यह विश्वास होगा कि खेल में भी उज्ज्वल भविष्य संभव है, तभी वे बच्चों को प्रोत्साहित करेंगे।

भोपाल की हॉकी विरासत के बारे में समीर दाद ने उम्मीद जताई कि एशियन चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े आयोजन शहर में हॉकी के प्रति पुरानी रुचि को फिर से जिंदा करेंगे। भोपाल में 19 से 28 नवंबर तक चल रही इस प्रतियोगिता में भारत, चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड जैसी टीमें भाग ले रही हैं, जो राज्य में खेल संस्कृति को और मजबूत करेंगी।