बीकानेर नगर निगम में मंगलवार को कमिश्नर सिद्धार्थ पलानीचामी के सामने भाजपा पार्षद श्याम सिंह हाडला ने सिर जमीन पर मार दिया और कपड़े फाड़ दिए। बिगड़ी सफाई व्यवस्था और कचरा नहीं उठाने से नाराज पार्षद ने कमिश्नर को खरी-खोटी सुनाई। हंगामा बढ़ता देख पुलिस ने पार्षद को बाहर निकाला। जानकारी के अनुसार- बीकानेर नगर निगम की हूपर (कचरा गाड़ाी) घरों से कचरा नहीं उठा रही है।ड्राइवरों को फोन करने पर वो बात नहीं करते। इसके कारण पार्षदों को लोगों की खरी-खोटी सुननी पड़ती है। इसी बात से परेशान होकर वार्ड 37 से BJP के पार्षद श्याम सिंह हाडला दोपहर 1 बजे कमिश्नर के पास पहुंचे। पहले देखें निगम में हुए हंगामे की तस्वीरें… चेंबर में कमिश्नर और पार्षद में बीच बातचीत हुई, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो श्याम सिंह गुस्सा हो गए। अचानक बैठकर उन्होंने अपना सिर जमीन पर दे मारा। इसके बाद वहां मौजूद सीआई प्रदीप चारण ने श्याम सिंह को उठाया और कमिश्नर के चेंबर से बाहर ले गए। इससे पहले नगर निगम के हॉल में भी कमिश्नर और हाडला आमने-सामने आ गए थे। यहां भी गुस्साए श्याम सिंह ने अपनी शर्ट फाड़ ली थी। हाडला बोले- पुराने टेंडर को खत्म कर दिया, नया भी ढंग का नहीं श्याम सिंह हाडला ने कहा- पुराने टेंडर को खत्म कर दिया, नया भी ढंग से नहीं किया। अधिकारियों की लापरवाही से अब तक मोहल्ले में कचरे वाली गाड़ी नहीं आ रही है। कुछ अधिकारी इस टेंडर में लिप्त है। इसलिए गुस्सा आ गया। लोग पार्षदों पर नाराज हो रहे हैं, ऐसे में अधिकारियों के सामने सिर फोड़ने का ही विकल्प है। मुख्यमंत्री की मंशा के मुताबिक अधिकारी काम नहीं कर रहे हैं।