बीकानेर जिले की सभी 7 नगरीय निकायों में वोटिंग की तारीख को बदला है। राज्य निर्वाचन आयोग ने जिला निर्वाचन अधिकारी की सिफारिश के बाद इसमें बड़ा बदलाव किया है। विभिन्न मेले, तीज त्योहार पर अलग-अलग सामाजिक संगठनों की मांग और धार्मिक यात्राओं को देखते हुए ये फैसला किया गया है। नए आदेश के मुताबिक अब नगर निगम बीकानेर के लिए वोटिंग 11 सितंबर के बजाए 9 सिंतबर को होगी। जबकि शेष सभी 6 नगर पालिकाओं जिसमें नोखा, श्रीडूंगरगढ़, देशनोक, खाजूवाला, लूणकरणसर, नापासर है उनमें वोटिंग 9 सितंबर के बजाए 11 सितंबर को करवाई जाएगी। सीकर, पाली में भी किया है बदलाव इससे पहले राज्य निर्वाचन आयोग ने सीकर की फतेहपुर नगर परिषद और पाली नगर निगम के वोटिंग की तारीख में भी बदलाव किया है। पाली नगर निगम में प्रस्तावित वोटिंग डेट 9 सितंबर के बजाए 11 सितंबर को करवाए जाएंगे। जैन समाज का पर्युषण महापर्व के चलते वोटिंग डेट में बदलाव किया गया है। इसी तरह सीकर जिले की नगर परिषद फतेहपुर में 11 सितंबर को वोटिंग करवाना प्रस्तावित था, लेकिन इसे बदलकर आयोग ने अब 9 सितंबर कर दिया। यहां भाद्रपद अमावस्या पर विभिन्न कुलदेवियों के मंदिर है। इसमें आने वालों की भक्तों की भीड़ को देखते हुए यह बदलाव किया गया है।