बीकानेर नगर निगम में मेयर अनिल कल्ला और डिप्टी मेयर पंकज गहलोत ने गुरुवार को पदभार संभाल लिया। कांग्रेस के मेयर और भाजपा के डिप्टी मेयर अलग-अलग समारोह में पदभार ग्रहण करने पहुंचे। पहले दिन ही दोनों के बयानों की चर्चा निगम में रही। मेयर अनिल कल्ला ने जहां पक्ष और विपक्ष के साथ मिलकर शहर के विकास की बात कही, वहीं डिप्टी मेयर पंकज गहलोत ने कल्ला के बयान पर कहा कि ऐसे डंक जिंदगी में अनेक लिए हैं और वे डरते नहीं हैं। मुहूर्त के हिसाब से सवा 12 बजे पदभार संभाला मेयर अनिल कल्ला ने मुहूर्त के हिसाब से दोपहर सवा 12 बजे नगर निगम पहुंचकर कार्यभार ग्रहण किया। इस दौरान उनके साथ कांग्रेस के सीनियर नेता भी मौजूद रहे। पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला, नोखा विधायक सुशीला डूडी, देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग, शहर अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल, पूर्व अध्यक्ष यशपाल गहलोत, पूर्व विधायक गोविन्दराम मेघवाल और वीरेंद्र बेनीवाल समारोह में पहुंचे। कांग्रेस नेता महेंद्र कल्ला, मनोज व्यास और सुरेश व्यास भी अपने समर्थकों के साथ मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन कांग्रेस नेता विनय हर्ष ने किया। कल्ला बोले- चुनाव तक कांग्रेस-भाजपा, बाद में जनप्रतिनिधि पदभार ग्रहण करने के बाद अनिल कल्ला ने कहा कि जब हम चुनाव लड़ते हैं तब कांग्रेस और भाजपा होती है, लेकिन चुनाव खत्म होने के बाद हम जनप्रतिनिधि होते हैं। मैं पक्ष और विपक्ष दोनों के साथ मिलकर काम करना चाहता हूं। दोनों का उद्देश्य शहर का विकास होना चाहिए। साथ रहकर काम करेंगे तो बीकानेर को बेस्ट सिटी बना सकते हैं। डिप्टी मेयर के बयान का भी दिया जवाब कल्ला ने कहा कि डिप्टी मेयर ने अपने भाषण में कहा था कि मैं ही मेयर हूं। उन्होंने कहा था कि मैं मधुमक्खी की तरह हूं, अगर प्रेम से रहेंगे तो शहद दूंगा, अन्यथा मधुमक्खी का छत्ता हटाना आता है। सवा 3 बजे पंकज ने संभाला पद भाजपा की ओर से डिप्टी मेयर चुने गए पंकज गहलोत ने दोपहर करीब सवा तीन बजे कार्यभार ग्रहण किया। पंकज ने डिप्टी मेयर पद पर जीत दर्ज कर उलटफेर किया था। उन्होंने कांग्रेस की नसीमा बानो को दो वोट के अंतर से हराया था। पदभार ग्रहण करने के बाद अपने संबोधन में पंकज ने कहा कि महापौर और उपमहापौर एक ही हैं। मेयर के बयान पर उन्होंने कहा कि ऐसे डंक जिंदगी में अनेक लिए हैं। डरते नहीं हैं। पंकज बोले- हर वार्ड में नजर आऊंगा डिप्टी मेयर ने कहा कि मैं शहर के हर वार्ड में आपको नजर आऊंगा। कहीं भी किसी भी काम के लिए उनसे बात की जा सकती है। इस मौके पर भाजपा के मेयर पद के दावेदार सुरेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि वे सकारात्मक रूप से हमेशा डिप्टी मेयर के साथ नजर आएंगे। शेखावत ने कहा कि मेयर को भी सकारात्मक रहकर काम करना होगा। भाजपा पार्षद भगवान सिंह मेड़तिया ने कहा कि अगर मेयर सकारात्मक काम करेंगे तो उनके साथ रहेंगे और नकारात्मक रहेंगे तो आंदोलन भी करेंगे। कार्यक्रम का संचालन भाजपा नेता वेद व्यास ने किया।