बीकानेर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ और लूट के मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए नकद इनाम घोषित किया है। जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देश पर जिले के अलग-अलग थानों में दर्ज मामलों में वांछित तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए इनाम की घोषणा की गई है। वहीं नोखा के एक बदमाश की हिस्ट्रीशीट खोलने के आदेश दिए हैं। पांचू के दो मामलों में दो आरोपियों पर 10-10 हजार का इनाम पांचू थाना क्षेत्र में दर्ज लूट के मामले में वांछित दो आरोपियों पर 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है। इनमें 5 अगस्त 2026 को दर्ज प्रकरण में वांछित आरोपी अशोक पुत्र सुरजाराम जाट निवासी नावां, नोखा तथा मनीष पुत्र जीयाराम कुम्हार निवासी देवड़, पांचौड़ी, जिला नागौर शामिल हैं। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(4), 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज है। कोलायत और गजनेर में NDPS मामलों के आरोपी पर 5-5 हजार कोलायत थाना क्षेत्र में 3 दिसंबर 2025 को दर्ज NDPS एक्ट के मामले में वांछित उग्रसेन खिलेरी पुत्र चंदराम बिश्नोई निवासी धरनोक, पांचू पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है। उसके खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 8/15 और 29 में मामला दर्ज है। इसी आरोपी के खिलाफ गजनेर थाने में 9 जनवरी 2026 को NDPS एक्ट की धारा 8/15 और 29 के तहत भी मामला दर्ज है। लूणकरणसर में भी वांछित आरोपी पर 5 हजार का इनाम लूणकरणसर थाना क्षेत्र में 18 फरवरी 2026 को NDPS एक्ट की धारा 8/18 के तहत दर्ज मामले में वांछित श्यामसुंदर पुत्र भगवानाराम बिश्नोई निवासी काजू की सीड, पांचू, जिला फलौदी पर भी 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस के अनुसार इन तीन फरार वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी पर नकद इनाम घोषित किया गया है। आदतन अपराधी की हिस्ट्रीशीट खोलकर निगरानी के निर्देश पुलिस ने बार-बार अपराध करने वाले और आमजन में भय पैदा करने वाले अपराधियों पर भी निगरानी बढ़ाई है। एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देश पर नोखा थाने के आदतन अपराधी मोहनसिंह पुत्र जगमालसिंह राजपूत निवासी नोखा गांव की नई हिस्ट्रीशीट खोली गई है। संबंधित थाना अधिकारी को उसकी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मोहनसिंह के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती, अपहरण, मारपीट और अवैध हथियार सहित कई गंभीर मामलों में प्रकरण दर्ज हैं।