बीकानेर शहर के जय नारायण व्यास (जेएनवी) कॉलोनी थाना क्षेत्र में बुधवार को सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा सोफिया स्कूल तिराहे पर हुआ, जहां नापासर की ओर से आ रही तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में गोस्वामी चौक निवासी श्रेयांश गोस्वामी पुत्र रामकृष्ण गोस्वामी की मौत हो गई। श्रेयांश सोफिया स्कूल तिराहे के पास अपनी बाइक के साथ खड़ा था। इसी दौरान नापासर रूट की बस ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलने पर जेएनवी कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फिर शव को कब्जे में लेकर पीबीएम अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। पुलिस ने बस को जब्त कर थाने में खड़ा करवाया है। पुलिस ने बताया कि श्रेयांश एक प्राइवेट फर्म में कंप्यूटर ऑपरेटर था। हादसे में शामिल बस को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करवाया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस तेज रफ्तार में थी, जिसने युवक को टक्कर मार दी। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया और गोस्वामी चौक क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।