बीकानेर में चल रही जिला स्तरीय स्कूली क्रिकेट प्रतियोगिता में एमएम स्कूल ने जहां 19 साल के वर्ग में विजेता का खिताब जीता, वहीं जैन पब्लिक स्कूल ने जिला स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता जीत ली। अब तहसील स्तर पर जीत चुकी सभी टीमों के बेहतर खिलाड़ियों को बीकानेर की टीम में शामिल किया जाएगा। जैन पब्लिक स्कूल ने 8 विकेट से जीता फाइनल जिला स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में 17 वर्ष एवं 19 वर्ष छात्र वर्ग के फाइनल मुकाबले खेले गए। 17 वर्ष वर्ग में राजकीय MM स्कूल ने रमेश इंग्लिश स्कूल को 55 रन से हराकर खिताब जीता, जबकि 19 वर्ष वर्ग में जैन पब्लिक स्कूल ने सादुल स्कूल को 8 विकेट से हराकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। MM स्कूल ने 55 रन से जीता फाइनल 17 वर्ष छात्र वर्ग के फाइनल में रमेश इंग्लिश स्कूल और राजकीय MM स्कूल आमने-सामने रहे। राजकीय MM स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबला 55 रन से अपने नाम किया। जीत के साथ राजकीय MM स्कूल इस वर्ग का विजेता बना। जैन पब्लिक स्कूल की 8 विकेट से जीत 19 वर्ष छात्र वर्ग के फाइनल मुकाबले में जैन पब्लिक स्कूल और सादुल स्कूल के बीच मुकाबला हुआ। जैन पब्लिक स्कूल ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए सादुल स्कूल को 8 विकेट से हराया और 19 वर्ष वर्ग का खिताब अपने नाम किया। तहसील स्तर के विजेता भी जिला स्तर पर खेलेंगे संयोजक विद्यालय के प्रभारी विपिन गौड़ ने बताया- तहसील स्तर पर विजेता और चयनित उपविजेता टीमें जिला स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेंगी। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका रोहित बिश्नोई, गौरव पुरोहित और गोवर्धन बारूपाल ने निभाई। प्रतियोगिता में 21 टीमों ने लिया भाग राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, आईजीएनपी कॉलोनी, बीकानेर में 70वीं तहसील स्तरीय 17 वर्ष और 19 वर्ष छात्र क्रिकेट प्रतियोगिता का भी फाइनल मुकाबलों और समापन कार्यक्रम के साथ आयोजन हुआ। इसमें दोनों आयु वर्गों की कुल 21 टीमों ने भाग लिया। 17 वर्ष वर्ग के फाइनल में तोलाराम बाफना स्कूल ने LNC अकादमी को 48 रन का लक्ष्य दिया था। LNC अकादमी ने महज 3 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए लक्ष्य हासिल कर 10 विकेट से जीत दर्ज की थी। वहीं 19 वर्ष वर्ग में ब्लॉसम इंटरनेशनल स्कूल के 92 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, दक्षिणी विस्तार पवनपुरी ने अंतिम ओवर में 8 विकेट से जीत दर्ज की थी। खिलाड़ियों को खेल भावना और अनुशासन के बारे में बताया समापन कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य योगेश्वर कुमार साध ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और आपसी सहयोग की भावना विकसित करते हैं।