दो दिन पहले तक 41 डिग्री सेल्सियस तापमान में तप रहे बीकानेर में रविवार को अचानक मौसम बदल गया। तेज हवाओं के साथ कई इलाकों में बारिश हुई। महाजन के आसपास कुछ गांवों में ओले गिरे, जबकि श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में तेज बारिश से गलियों में पानी भर गया। मौसम विभाग ने बीकानेर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं महाजन क्षेत्र में तेज आंधी के दौरान बाइक असंतुलित होकर बस से टकराने से एक युवक की मौत हो गई। फसल बचाने खेत जा रहा था युवक, बस से टकराई बाइक महाजन में एक युवक महाजन-सरदारशहर रोड से अपने खेत की ओर फसल को बारिश से बचाने के लिए जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में तूफान इतना तेज था कि उसकी बाइक असंतुलित होकर बस से जा टकराई। हादसे में युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान शेरपुरा निवासी भगवानदास के बेटे जगदीश प्रसाद के रूप में हुई है। महाजन-अरजनसर के आसपास तेज बारिश महाजन में दिनभर की तेज तपिश और गर्मी के बाद रविवार दोपहर बाद अचानक मौसम बदल गया। क्षेत्र के कई गांवों में बारिश हुई। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई, जबकि शेरपुरा की रोही में कई जगह बारिश के साथ ओले भी गिरे। इससे खेतों में पक चुकी फसलों को नुकसान की आशंका बढ़ गई है। क्षेत्र के सुईं, शेरपुरा और बखुसर सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में अचानक मौसम बदला। शेरपुरा की रोही में कुछ स्थानों पर बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। श्रीडूंगरगढ़ में आधे घंटे तक बारिश श्रीडूंगरगढ़ के पास धीरदेसर चोटियान में तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से फसलों को नुकसान पहुंचा है। करीब आधे घंटे तक लगातार बारिश होने से खेतों में पानी भर गया। बीकानेर के आसपास भी कुछ गांवों में बारिश हुई। शहर में अंधड़, घरों में भरी मिट्टी बीकानेर शहर में बारिश नहीं हुई, लेकिन तेज हवाओं के साथ आए अंधड़ से लोगों को परेशानी हुई। कई घरों में मिट्टी भर गई। मौसम विभाग के अनुसार देर रात तक तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है। पक चुकी मोठ की फसल को नुकसान की चिंता अरजनसर के किसान मदनलाल ने बताया कि खेतों में मोठ की फसल पक चुकी है। ऐसे समय हुई बारिश और ओलावृष्टि से फसल को नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि जब फसल को बारिश की सबसे ज्यादा जरूरत थी, तब बारिश नहीं हुई और अब फसल पकने के बाद बारिश नुकसान पहुंचा रही है।