भास्कर न्यूज | झालावाड़ झालरापाटन में झवरिया खाल के पास मंगलवार को युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर झालावाड़ के एसआरजी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। बुधवार सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा नहीं हो सका है। थाना अधिकारी हंसराज मीणा ने बताया कि मृतक की पहचान मध्यप्रदेश के आगर क्षेत्र के बड़ा गांव निवासी संजय (40) पुत्र गोपीलाल के रूप में हुई। पुलिस ने पहचान होने के बाद मृतक के परिजनों को सूचना दी। बुधवार सुबह परिवार के लोग झालावाड़ पहुंचे और शव की शिनाख्त की। परिजनों ने पुलिस को बताया कि संजय पिछले कई वर्षों से झालरापाटन में ही रह रहा था और एक होटल पर काम करता था।