तुर्किये में मंगलवार शाम एक बड़ा विमान हादसा हुआ है। देश की वायुसेना का एक ट्रेनिंग हेलिकॉप्टर, AS-532 कूगर, उड़ान के दौरान क्रैश हो गया। रक्षा मंत्रालय ने जानकारी दी है कि इस हादसे में हेलिकॉप्टर पर सवार सभी पांचों क्रू मेंबर्स की मौत हो गई है।
एस्किशेहिर एयरबेस से भरी थी उड़ान
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, हेलिकॉप्टर ने एस्किशेहिर एयरबेस से अपनी ट्रेनिंग उड़ान भरी थी। यह दुर्घटना एस्किशेहिर शहर से लगभग 15 किलोमीटर दूर योरुकाकचायर गांव के पास हुई। घटना की जानकारी मिलते ही राहत और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचा और हेलिकॉप्टर का मलबा बरामद कर लिया गया है।
दो हफ्ते में दूसरा हादसा
तुर्किये की सेना के लिए यह दुखद घटना पिछले 15 दिनों में दूसरी बार हुई है। इससे पहले 12 नवंबर को भी एक सिकोरस्की S-70 हेलिकॉप्टर मालात्या के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। उस हादसे में भी चार क्रू मेंबर्स की जान चली गई थी। फिलहाल, तुर्की के रक्षा अधिकारी मामले की जांच में जुट गए हैं।