हरियाणा के सोनीपत स्थित ओपी जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी में देश का पहला CJI म्यूजियम शुरू हुआ है। संविधान दिवस से एक दिन पहले बुधवार को 10 पूर्व सीजेआई ने इसका उद्घाटन किया। गार्जियंस ऑफ द रिपब्लिक नाम के इस म्यूजियम में 5 गैलरी हैं। यहां सुप्रीम कोर्ट के जजों की 280 से ज्यादा प्रतिमाएं, 25 हाईकोर्ट के मॉडल, 22 भाषाओं की कलाकृतियां और 20 ऐतिहासिक फैसलों की जानकारी दी गई है। इसमें पूर्व चीफ जस्टिस और जजों के अनुभवों पर आधारित ऑडियो-विजुअल रिकॉर्ड भी मौजूद हैं। आज की अन्य बड़ी खबरें… हैदराबाद में ट्रेनिंग विमान की इमरजेंसी लैंडिंग, पायलट-छात्र सुरक्षित तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में गुरुवार को तेलंगाना स्टेट एविएशन एकेडमी के ट्रेनिंग विमान की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। सेसना C-152 मॉडल का यह विमान सेना के गोलकोंडा कैंटोनमेंट इलाके में उतरा, लेकिन लैंडिंग के दौरान एक पेड़ से टकराकर रुक गया। विमान में एक छात्र पायलट और फ्लाइट इंस्ट्रक्टर सवार थे। हादसे में छात्र पायलट के सिर में चोट आई, जिसके बाद उसे सेना के अस्पताल ले जाया गया। वहां उसके सिर में टांके लगाए गए। प्रशिक्षक सुरक्षित है। फिलहाल इमरजेंसी लैंडिंग की वजह सामने नहीं आई है। तमिलनाडु में पुरुष कर्मचारियों को 15 दिन की पैटरनिटी लीव, बच्चे के जन्म से पहले या 6 महीने के भीतर ले सकेंगे छुट्टी तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने गुरुवार को पुरुष सरकारी कर्मचारियों के लिए 15 दिन की पैटरनिटी लीव देने का ऐलान किया। राज्य में पहली बार पुरुष कर्मचारियों को यह सुविधा दी गई है। कर्मचारी बच्चे के जन्म से 15 दिन पहले या जन्म के 6 महीने के भीतर यह छुट्टी ले सकेंगे। तमिलनाडु में महिला सरकारी कर्मचारियों को फिलहाल 365 दिन की मैटरनिटी लीव मिलती है। शरद पवार मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती, सुप्रिया सुले बोलीं- बाबा को डिहाइड्रेशन की समस्या एनसीपी (SP) प्रमुख शरद पवार को गुरुवार को फिर मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी बेटी और सांसद सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पवार को डिहाइड्रेशन यानी शरीर में पानी की कमी की समस्या है। सुप्रिया ने कहा कि डॉक्टरों ने उन्हें काम का बोझ कम करने और यात्राएं घटाने की सलाह दी है, लेकिन वे उनकी बात नहीं मानते। उन्हें अपना काम बहुत पसंद है। इससे पहले 2 नवंबर को शरद पवार को खांसी और सांस लेने पर सीने में दर्द की शिकायत के बाद पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया था। दो दिन बाद 4 नवंबर को उन्हें छुट्टी मिली। उसी दिन आगे की जांच के लिए मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। SPO की हत्या के आरोपी पूर्व आतंकी को 20 साल बाद गिरफ्तार किया, 13 मामलों में था वांटेड जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पूर्व आतंकी मोहम्मद मंशा को 20 साल से ज्यादा समय बाद गिरफ्तार किया है। वह पुलिस के एक स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) की हत्या समेत 13 आपराधिक मामलों में वांटेड था। पुलिस ने उसे दक्षिण कश्मीर के अवंतीपोरा के त्राल से पकड़ा। पुलिस के मुताबिक, मंशा के खिलाफ 2000 से 2007 के बीच 13 मामले दर्ज हुए थे। वह लंबे समय से गिरफ्तारी से बच रहा था। अलग-अलग जिलों की पुलिस के बीच तालमेल के बाद उसे गिरफ्तार किया गया। टाइगर श्रॉफ पर हमले का नाबालिग आरोपी जुवेनाइल कोर्ट में पेश होगा: 17 साल का निकला शूटर मुंबई की विशेष अदालत ने टाइगर श्रॉफ पर हमले के मामले में पकड़े गए नाबालिग आरोपी को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड में पेश करने का आदेश दिया है। जांच में उसकी उम्र 17 साल पाई गई है। उसे जेल की जगह सुधार गृह भेजा जाएगा। 18 अक्टूबर को मुंबई के जुहू में फुटबॉल ग्राउंड से निकलते समय टाइगर की कार पर दो हमलावरों ने पांच गोलियां चलाई थीं। हमले में टाइगर को ज्यादा चोट नहीं आई, लेकिन उनका ड्राइवर और एक व्लॉगर घायल हो गए थे। आरोपी को अगले दिन राजस्थान से गिरफ्तार किया गया था। CJP नेता सौरव दास के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी, नागरिकता पर भी सवाल केंद्र सरकार ने गुरुवार को दिल्ली हाईकोर्ट को बताया कि कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता सौरव दास के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया है। पासपोर्ट में जानकारी की गड़बड़ी के चलते पहले भी उन्हें विदेश जाने से रोका गया था। दास को ब्रिटेन की ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट यूनियन के कार्यक्रम में शामिल होने का न्योता मिला था। उनके वकीलों ने कोर्ट में कहा कि उन्हें लुकआउट नोटिस की कोई जानकारी नहीं है। इस पर अदालत ने सरकार से दास की याचिका पर जवाब मांगा है। केंद्र की ओर से पेश एडिशनल सॉलिसिटर जनरल चेतन शर्मा ने कहा कि पासपोर्ट में विसंगतियों का असर दास की भारतीय नागरिकता पर भी पड़ सकता है। वकील ने क्रिकेट बैट से पीटकर बहन की हत्या की, बेंगलुरु में वारदात; आरोपी भाई गिरफ्तार बेंगलुरु में एक वकील ने अपनी छोटी बहन की क्रिकेट बैट से पीटकर हत्या कर दी। घटना बुधवार को बेलंदूर के पास जुन्नासंद्रा में हुई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बहन पर बैट से कई बार हमला किया और मौके से फरार हो गया। गुरुवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मृतका की पहचान 39 साल की मीनाक्षी एम के रूप में हुई है। आरोपी भाई जयराम एम की उम्र 42 साल है। दोनों भाई-बहन आसपास के अलग-अलग मकानों में रहते थे। पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच संपत्ति को लेकर अक्सर झगड़ा होता था। जयराम अपनी बहन से मां का घर खाली करके कहीं और रहने के लिए कह रहा था। लेकिन मीनाक्षी मां के साथ ही रहना चाहती थी। इसी बात को लेकर बुधवार को दोनों के बीच फिर बहस हुई। इस दौरान जयराम ने मीनाक्षी पर हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। आंध्र प्रदेश में लॉरी ने SUV को टक्कर मारी, 4 की मौत; 8 लोग घायल आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले में गुरुवार को सड़क हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा याडिकी मंडल के रायालचेरुवु के पास हुआ। यहां एक लॉरी ने SUV को टक्कर मार दी। राज्य के परिवहन मंत्री राम प्रसाद रेड्डी के मुताबिक, हादसे के समय वाहन हैदराबाद से ताड़िपत्री जा रहा था। PM मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर BJP चलाएगी ‘सेवा दूत’ अभियान, 1 दिसंबर से 25 दिन तक जनता के बीच जाएंगे नेता प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 साल पूरे होने पर भाजपा 1 से 25 दिसंबर तक देशभर में ‘सेवा दूत’ अभियान चलाएगी। इसके तहत पार्टी के वरिष्ठ नेता विधानसभा क्षेत्रों में रहकर सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से बातचीत करेंगे और योजनाओं का फीडबैक लेंगे। उत्तर प्रदेश और पंजाब जैसे चुनावी राज्यों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। अभियान के संयोजक भाजपा महासचिव हरीश द्विवेदी होंगे। कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र ने बताया कि राज्य की सभी 224 विधानसभा सीटों पर एक-एक वरिष्ठ कार्यकर्ता 25 दिन तक रहेंगे। अमेरिका ने इस साल 1,700 भारतीयों को किया डिपोर्ट, अवैध प्रवास पर भारत ने जताया विरोध अमेरिका ने इस साल जनवरी से अब तक 1,700 भारतीय नागरिकों को देश से वापस भेजा है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भारत अवैध प्रवास का विरोध करता है और इस मुद्दे पर अमेरिका के साथ सहयोग कर रहा है। जायसवाल के मुताबिक, अमेरिका से संभावित डिपोर्टेशन की सूचना मिलने पर भारत सरकार संबंधित लोगों की राष्ट्रीयता की पुष्टि करती है। इससे पहले जुलाई में विदेश मंत्रालय ने बताया था कि 2025 से अब तक अमेरिका 4,840 से ज्यादा भारतीयों को डिपोर्ट कर चुका है। अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प प्रशासन अवैध प्रवासियों के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है। हैदराबाद का पंजागुट्टा पुलिस स्टेशन बनेगा देश का पहला AI आधारित थाना हैदराबाद का पंजागुट्टा पुलिस स्टेशन देश का पहला AI आधारित पुलिस स्टेशन बनने जा रहा है। तेलंगाना के DGP सीवी आनंद और हैदराबाद पुलिस कमिश्नर महेश मुरलीधर भागवत ने बुधवार को थाने का औचक निरीक्षण किया और वहां चल रहे तकनीकी कामों की समीक्षा की। यह परियोजना फिलहाल पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू की जा रही है। इस थाने की पुलिस सेवाओं को आधुनिक AI तकनीक से जोड़ा जाएगा। अधिकारियों ने थाने में शिकायत लेकर आए लोगों से बातचीत की और जाना कि AI सिस्टम की मदद से उनकी समस्याओं का समाधान कैसे किया जा रहा है। उन्होंने पुलिसकर्मियों के कामकाज और AI से जुड़े तकनीकी ढांचे का भी जायजा लिया। पुलिस के मुताबिक, इस AI आधारित थाने का जल्द ही आधिकारिक उद्घाटन किया जाएगा। दिल्ली में टोपी फाड़ने का बदला लेने के लिए 10वीं के छात्र ने 9वीं के छात्र को चाकू से गोदा, हालत गंभीर दिल्ली के खजूरी खास इलाके में बुधवार को सरकारी स्कूल के बाहर 10वीं के एक छात्र ने 9वीं के छात्र पर चाकू से कई वार किए। 16 साल के घायल छात्र के पेट, सीने, कमर और हाथों पर चोटें आई हैं। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी नाबालिग को हिरासत में लेकर हत्या की कोशिश का केस दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, करीब एक सप्ताह पहले पीड़ित ने आरोपी की टोपी फाड़ दी थी। इसी बात का बदला लेने के लिए आरोपी ने कथित तौर पर ऑनलाइन चाकू मंगाया और हमले की योजना बनाई। बुधवार को स्कूल के बाहर पीड़ित को अकेला देखकर उस पर हमला कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। तमिलनाडु में 100 करोड़ के स्कूल मंजूरी घोटाले में पूर्व मंत्री अनबिल महेश पुलिस हिरासत में तमिलनाडु के पूर्व स्कूल शिक्षा मंत्री और DMK नेता अनबिल महेश पोय्यामोझी, पूर्व विधायक मुथुकुमार और उनके ड्राइवर सरवणन को 100 करोड़ रुपये के कथित स्कूल मंजूरी घोटाले में पुलिस हिरासत में भेजा गया है। चेन्नई की विशेष अदालत ने तीनों से 25 नवंबर सुबह 11 बजे से 26 नवंबर शाम 5 बजे तक पूछताछ की अनुमति दी है। मामले में आरोप है कि पिछले साल निजी स्कूलों के प्रबंधन से सरकारी मंजूरी दिलाने के नाम पर 100 करोड़ रुपये से ज्यादा वसूले गए। इसमें स्कूलों को स्थायी मान्यता दिलाने, उनका दर्जा बढ़ाने और टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग से मंजूरी दिलाने का वादा किया गया था। पूर्व मंत्री की जमानत याचिका पर मद्रास हाईकोर्ट में 27 नवंबर को सुनवाई होनी है। चुनाव आयोग TMC के नाम और चुनाव चिह्न पर शुक्रवार को सुनवाई करेगा, ममता और बागी गुट को भेजा समन तृणमूल कांग्रेस (TMC) के नाम, चुनाव चिह्न और पार्टी पर नियंत्रण को लेकर ममता बनर्जी और बागी नेता ऋतब्रत बनर्जी के गुट के बीच विवाद बढ़ गया है। चुनाव आयोग ने दोनों गुटों को 27 नवंबर को दिल्ली में सुनवाई के लिए बुलाया है। दोनों पक्ष पार्टी के मूल नाम और ‘घास पर दो फूल’ वाले चुनाव चिह्न पर अपना दावा कर रहे हैं। दोनों गुट आयोग के सामने अपने समर्थन और संगठन से जुड़े दस्तावेज भी जमा कर चुके हैं। यह विवाद पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में TMC की हार के बाद पार्टी में शुरू हुई बगावत से जुड़ा है। चुनाव आयोग ने पहले दोनों गुटों को मूल पार्टी का नाम और चुनाव चिह्न इस्तेमाल करने से रोक दिया था। ममता गुट को ‘ममता ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस’ नाम और फुटबॉल खिलाड़ी का चिह्न, जबकि बागी गुट को ‘डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस’ नाम और लिफाफा चुनाव चिह्न दिया गया है। अब 27 नवंबर की सुनवाई के बाद आयोग तय करेगा कि मूल TMC के नाम और चुनाव चिह्न पर किस गुट का दावा मान्य है।