जिले की 8 नगर निकायों में उपाध्यक्ष के चुनाव मंगलवार को हुए। परिणामों में भाजपा ने बड़ी बढ़त बनाई है। कुल 8 में से 6 निकायों में भाजपा और 2 निकायों पर कांग्रेस ने कब्जा जमाया। अध्यक्ष पद पर कांग्रेस को 3 सीटें मिली थीं, लेकिन उपाध्यक्ष में एक सीट कम हो गई। वहीं, बूंदी नगर परिषद में उपसभापति पद पर भाजपा की जीत से पार्टी खेमे में खुशी का माहौल है। बूंदी नगर परिषद में भाजपा के संजय भूटानी उपसभापति बने। उन्होंने कांग्रेस के मोइनुद्दीन को 16 वोटों से हराया। भूटानी को 38 और मोइनुद्दीन को 22 वोट मिले। हिंडोली नगरपालिका उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस की सुगना बाई विजयी नगरपालिका हिंडोली के उपाध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी सुगना बाई विजयी रहीं। सुगना बाई को 12 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी रामसिंह पंवार के पक्ष में 8 मत पड़े। परिणाम घोषित होने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं व समर्थकों में खुशी का माहौल रहा। उपाध्यक्ष चुनाव की प्रक्रिया रिटर्निंग अधिकारी शिवराज मीणा की मौजूदगी में संपन्न हुई। सुगना बाई की जीत के साथ ही हिंडोली नगरपालिका में कांग्रेस के अध्यक्ष के बाद अब उपाध्यक्ष पद पर भी कांग्रेस का कब्जा हो गया है। लाखेरी में कांटे की टक्कर कांग्रेस के अमित बजाज ने 1 वोट से रोमांचक जीत हासिल की। बजाज को 18 और भाजपा के मोहन दयालानी को 17 मत मिले। गौरतलब है कि यहां अध्यक्ष पद पर भाजपा काबिज है। केशोरायपाटन में आदर्श मालवीय का दबदबा: भाजपा के आदर्श मालवीय 6 मतों से वाइस चेयरमैन बने। मालवीय को 14, राजविंता गोचर को 8 और मदन पचेरवाल को 2 मत मिले। नैनवां में भाजपा ने पलटी बाजी भाजपा समर्थित नीतू मारवाड़ा 3 मतों से विजयी रहीं। मारवाड़ा को 14 और कांग्रेस समर्थित नसीम बानो को 11 मत मिले। रिटर्निंग अधिकारी दीपांशु सागवान ने परिणाम घोषित किया। यहां अध्यक्ष पद पर कांग्रेस की कृष्ण मित्तल जीती थीं, अब उपाध्यक्ष पर भाजपा की जीत से सियासी समीकरण बदल गए हैं। कापरेन में भाजपा का कब्जा भाजपा के मनोज मीणा 4 मतों से उपाध्यक्ष बने। मीणा को 14, कांग्रेस के दीपक धाभाई को 10 मत मिले, 1 मत निरस्त हुआ। यहां कांग्रेस का अध्यक्ष बना था। उपाध्यक्ष भाजपा के खाते में। देई में नरेश मीणा विजयी भाजपा समर्थित नरेश मीणा 6 मतों से जीते। मीणा को 13 और कांग्रेस समर्थित पीयूष रैना को 7 मत मिले। इंद्रगढ़ में अंजू राजावत जीतीं भाजपा की अंजू राजावत 3 मतों से विजयी। राजावत को 9, कांग्रेस की आरती बैरवा को 6 और निर्दलीय प्रतिमा शर्मा को 5 मत मिले।