गणेश चतुर्थी के मौके पर बूंदी जिले में गणेश विसर्जन कार्यक्रम धूमधाम से मनाए जा रहे हैं। जिले के सभी उपखंड मुख्यालयों जैसे बूंदी, नैनवां, लाखेरी, इंदरगढ़, केशोरायपाटन, तालेड़ा और हिंडोली सहित ग्रामीण इलाकों में भक्तों में काफी उत्साह दिख रहा है। त्योहार को शांतिपूर्ण और भाईचारे के साथ पूरा कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सक्रिय है। पूरे जिले में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया गया है। बूंदी शहर में सुबह से ही कई गणेश मंडलों ने आकर्षक झांकियां निकाली हैं। ढोल-नगाड़ों के साथ गणपति बप्पा को शहर में घुमाया जा रहा है। ये झांकियां शहर के मुख्य रास्तों से होते हुए देर शाम विसर्जन स्थल पर पहुंचेंगी, जहां पूरे विधि-विधान से गणेश विसर्जन होगा। बूंदी जिले के संवेदनशील इलाके नैनवां में पुलिस प्रशासन ने खास सतर्कता बरती है। नैनवां कस्बे में विसर्जन को लेकर पुलिस सक्रिय है और हर जगह निगरानी रखी जा रही है। नैनवां के हाउसिंग बोर्ड इलाके में स्थापित दो बड़ी गणेश प्रतिमाओं और कई छोटी प्रतिमाओं का विसर्जन आज नैनवां तालाब में किया जाएगा। इस दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहेंगे। इसके अलावा लाखेरी, इंदरगढ़, केशोरायपाटन, तालेड़ा, हिंडोली और डाबी में भी गणेश विसर्जन का कार्यक्रम बड़े पैमाने पर मनाया जा रहा है। सभी जगहों पर प्रशासन ने विसर्जन स्थलों पर गोताखोर, लाइट और बैरिकेडिंग का इंतजाम किया है। जिला कलेक्टर और एसपी ने लोगों से शांति और भाईचारा बनाए रखते हुए त्योहार मनाने की अपील की है।