बूंदी की रायथल थाना पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। युवक ने सोशल मीडिया पर राइफल जैसे दिखने वाले डमी हथियार के साथ फोटो पोस्ट की थी। जिला पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर सोशल मीडिया पर अपराध को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी निगरानी के दौरान इंस्टाग्राम आईडी पर एक फोटो सामने आई। एडिशनल एसपी संजय सिंह चम्पावत के मार्गदर्शन और के.पाटन वृताधिकारी अशोक जोशी की देखरेख में थानाधिकारी दलवीर सिंह के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई। इस टीम ने युवक की पहचान की। पुलिस ने आरोपी सोनू गुर्जर (30) पुत्र पप्पूलाल गुर्जर को बम्बोरी, थाना रायथल से पकड़ा। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि ऐसी पोस्ट से समाज में डर फैलता है और युवाओं में गलत सोच को बढ़ावा मिलता है। इस कार्रवाई में थानाधिकारी दलवीर सिंह, एसआई महेश पारासर और एसआई वेदप्रकाश शामिल थे।