बूंदी जिले में 'विकसित भारत-जन सेवा अभियान' के तहत लोगों की राजस्व से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए 26 से 28 सितंबर तक विशेष राजस्व शिविर लगाए जाएंगे। जिला कलेक्टर हरफूल सिंह यादव ने बताया कि ये शिविर जिले के सभी गिरदावर सर्किल मुख्यालयों पर आयोजित होंगे। शिविर सुबह 9:30 बजे से शाम 6 बजे तक या काम पूरा होने तक चलेंगे। इनमें पुराने राजस्व मामलों के साथ नए मामलों का भी मौके पर निस्तारण किया जाएगा। पुराने मामलों को पहले मिलेगी प्राथमिकता कलेक्टर ने बताया कि शिविरों में 'ग्रामीण सेवा शिविर-2026' और 'सेवा सेतु अभियान' के दौरान सामने आए पुराने राजस्व मामलों को प्राथमिकता से निपटाया जाएगा। इसके अलावा शिविर में आने वाले नए प्रकरणों पर भी मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई कर लोगों को राहत देने का प्रयास किया जाएगा। जमीन और खातों से जुड़े मामलों का समाधान राजस्व विभाग की ओर से शिविरों में राजस्व रिकॉर्ड और खातों में सुधार, आपसी सहमति से खातों का बंटवारा तथा रास्ते के विवादों का समाधान किया जाएगा। इसके साथ ही नामांतरण से जुड़े मामलों का भी निस्तारण होगा। सरकारी जमीन से कब्जे हटाने की कार्रवाई शिविरों के दौरान सरकारी, चारागाह और विभागीय जमीनों पर हुए अतिक्रमण से संबंधित मामलों में कार्रवाई की जाएगी। जिन किसानों के पास जमीन नहीं है, उन्हें जमीन उपलब्ध कराने तथा गैर खातेदारों को खातेदारी का हक देने से जुड़े प्रकरण भी लिए जाएंगे। सीमा विवाद से लेकर पत्थरगढ़ी तक मामले जमीन की सीमा तय करने और पत्थरगढ़ी से जुड़े मामलों का भी समाधान किया जाएगा। इसके अलावा बस्ती के विस्तार के लिए सरकारी जमीन उपलब्ध कराने से संबंधित प्रकरणों पर भी कार्रवाई होगी। प्रमाण-पत्र और फार्मर रजिस्ट्री का काम भी राजस्व शिविरों में जाति और मूल निवास प्रमाण-पत्र बनाने के साथ फार्मर रजिस्ट्री से जुड़े काम भी किए जाएंगे। प्रशासन का उद्देश्य एक ही स्थान पर लोगों को राजस्व से जुड़ी विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराकर लंबित मामलों का तेजी से निस्तारण करना है।