बूंदी जिला अस्पताल में व्यापारी अशोक गुप्ता की मौत पर व्यापारियों में गुस्सा है। कार्रवाई नहीं होने के विरोध में शनिवार को इंदिरा मार्केट और पुरानी धान मंडी बंद रहे। अशोक गुप्ता की मौत तीन दिन पहले इलाज के दौरान हुई थी। व्यापारियों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया, जिस पर एसडीएम लक्ष्मीकांत मीणा ने जांच के निर्देश दिए। संयुक्त व्यापार संघ अध्यक्ष प्रेम प्रकाश एवरग्रीन ने बताया कि प्रशासन ने रिपोर्ट का आश्वासन दिया था, पर कार्रवाई नहीं हुई। इसके विरोध में व्यापारियों ने श्रद्धांजलि सभा कर जुलूस निकाला। इंदिरा मार्केट व्यापार संघ अध्यक्ष विजय प्रकाश जैन ने आरोप लगाया कि अशोक गुप्ता को समय पर इमरजेंसी इलाज और स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की मदद नहीं मिली। व्यापारियों ने अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए। उन्होंने मेडिकल बोर्ड से निष्पक्ष जांच, दोषियों पर एफआईआर और 24 घंटे स्पेशलिस्ट डॉक्टर की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। बाजार बंद के दौरान पुलिस बल तैनात था। इस दौरान संयुक्त व्यापार महासंघ अध्यक्ष प्रेम प्रकाश एवरग्रीन, कार्यकारी अध्यक्ष पीतांबर शर्मा, सचिव प्रशांत मोदी, इंदिरा मार्केट व्यापार संघ अध्यक्ष विजय प्रकाश जैन, सचिव सुशील कासट सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।