मूंडवा | राजस्थान पुलिस विभाग, पुलिस लाइन नागौर से आई मास्टर ट्रेनर संगीता स्वामी एवं शारदा बिश्नोई ने मारवाड़ मूण्डवा स्थित जबरी कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में छात्राओं के लिए पांच दिवसीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया। शिविर में करीब 150 छात्राओं ने भाग लिया। प्रशिक्षकों ने छात्राओं को विषम परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा, सामाजिक चुनौतियों का सामना करने तथा गुड टच और बैड टच की जानकारी दी। छात्राओं को आंतरिक शक्ति और मनोबल मजबूत करने के लिए प्रेरित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न शारीरिक तकनीकों और आत्मरक्षा के पैंतरों का अभ्यास करवाया गया, ताकि आपात स्थिति में छात्राएं अपना बचाव कर सकें। साथ ही उन्हें अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने और किसी गलत घटना की स्थिति में बिना डर के सामने आने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य राजेश यादव, राजेन्द्र लटियाल एवं सुशीला ईनाणिया का सहयोग रहा। समापन पर विद्यालय परिवार ने मास्टर ट्रेनरों और राजस्थान पुलिस का आभार जताया।