संगरूर के गुलजार सुसाइड केस में मंगलवार (15 सितंबर) को कांग्रेस ने चंडीगढ़ के सेक्टर-15 स्थित पंजाब कांग्रेस भवन से वित्त मंत्री हरपाल चीमा के आवास की तरफ कूच किया। हालांकि, रास्ते में पुलिस ने बैरिकेडिंग कर कांग्रेस नेताओं और वर्करों को रोक दिया। इस दौरान कुछ कांग्रेस वर्कर बैरिकेडिंग पर चढ़ गए। इस पर पुलिस ने वाटर कैनन चलाई। इस मार्च की अगुआई कर रहे पंजाब कांग्रेस के नए प्रभारी एवं राजस्थान के पूर्व डिप्टी CM सचिन पायलट समेत अन्य नेताओं को चंडीगढ़ पुलिस ने हिरासत में ले लिया। टकराव के दौरान कुछ कांग्रेस वर्करों के साथ पुलिस जवानों को चोटें भी आईं। करीब एक घंटे बाद यानी दोपहर करीब 3 बजे पायलट समेत सभी नेता छोड़ दिए गए। इससे पहले पायलट ने मंच से कहा कि पंजाब में चिट्‌टे की होम डिलीवरी हो रही है। गरीब दलित गुलजार मंत्री का नाम लेकर मरा। सचिन पायलट ने कहा- पंजाब की लड़ाई में मैं आगे रहूंगा। पहली लाठी मैं खाऊंगा। वर्कर्स की बारी बाद में आएगी। वहीं, 3 महीने बाद पूर्व CM व जालंधर से सांसद चरणजीत चन्नी और प्रदेश कांग्रेस प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग एक ही स्टेज पर नजर आए। सचिन पायलट के राइट साइड में चरणजीत सिंह चन्नी और लेफ्ट साइड में राजा वड़िंग बैठे। इस दौरान चन्नी और राजा वड़िंग बात करते हुए दिखे। मंच से चन्नी के नाम लेते ही कार्यकर्ताओं ने नारे लगाए। चन्नी ने अपने पूरे भाषण में राजा वड़िंग का नाम नहीं लिया। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि ये लो मंच पर सारे कांग्रेसी इकठ्‌ठे हो गए। उन्होंने कहा कि बिना चेहरे के इलेक्शन लड़ेंगे। यहां राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और सचिन पायलट के नाम पर वोट लेंगे। जब हमें बहुमत मिलेगा तब फैसला हाईकमान लेगा। बाप जिंदा हो तो बेटों का कोई अधिकार नहीं होता है। राजा वड़िंग के माइक पर बोलते ही NSUI वर्करों ने झंडे उठाए। राजा वड़िंग उन्हें बैठने के लिए कहते रहे, लेकिन वो फिर भी झंडे लहराते रहे। इसके बाद वड़िंग ने कहा कि चन्नी साहब हैं और प्रताप सिंह बाजवा मेरे सम्मानित लीडर हैं। वड़िंग ने सीएम भगवंत मान को चैलेंज देते हुए कहा कि मंच पर आकर घेरूंगा। कांग्रेस के रोष मार्च के PHOTOS… कांग्रेस के रोष मार्च के पल-पल अपडेट के लिए ब्लॉग से गुजर जाइए…