छोटीसादड़ी पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत कार्रवाई करते हुए 2 किलो 570 ग्राम अवैध अफीम के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त अफीम की अनुमानित कीमत करीब 12 लाख 50 हजार रुपए बताई गई है। थानाधिकारी कैलाशचंद्र पुनि ने बताया- इंचार्ज दिलीप सिंह पुलिस टीम के साथ नेशनल हाईवे-56 पर गश्त कर रहे थे। स्वरूपगंज तिराहा रामदेवजी के पास दो युवक बैग लेकर संदिग्ध हालत में बैठे मिले। पुलिस की गाड़ी देखकर वे भागने लगे, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान दिनेश कुमार (36) निवासी डेडवा, जालौर और लक्ष्मण (35) निवासी विश्नोइयों का बास सुतला, जोधपुर के रूप में बताई। उनके बैग से कुल 2 किलो 570 ग्राम अफीम मिली। पुलिस ने अफीम जब्त कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। छोटीसादड़ी थाने में एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।