चित्तौड़गढ़ में अनंत चतुर्दशी पर शुक्रवार रात गणपति विसर्जन को लेकर शहर में उत्सव का माहौल रहा। शाम ढलते ही गणेश प्रतिमाओं के साथ झांकियां निकलने लगीं और श्रद्धालुओं की भीड़ से शहर की सड़कें भर गईं। गांधी चौक से गोल प्याऊ तक गणपति भक्तों का सैलाब नजर आया। डीजे की धुन पर युवा और श्रद्धालु नाचते-गाते आगे बढ़े, जबकि परिवारों के साथ लोग झांकियों को देखने के लिए देर रात तक सड़कों पर मौजूद रहे। रात से शुरू हुआ यह सिलसिला शनिवार सुबह करीब 4 बजे तक चलता रहा। इसके बाद सभी गणेश प्रतिमाओं को सुभाष चौक पर एकत्रित कर विसर्जन की प्रक्रिया पूरी की गई। शाम से ही सड़कों पर उमड़ने लगी भीड़ विसर्जन यात्रा शुरू होने के साथ ही शहर में लोगों की आवाजाही बढ़ने लगी। अलग-अलग क्षेत्रों से निकली झांकियों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु चल रहे थे। कई जगहों पर लोग अपने परिवार के साथ सड़क किनारे खड़े होकर झांकियां देखते रहे। बच्चों में भी खासा उत्साह दिखाई दिया। कई बच्चे गणपति की झांकियों को देखने के लिए घंटों तक इंतजार करते नजर आए। युवा वर्ग डीजे की धुन पर नाचते हुए आगे बढ़ रहा था। गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से पूरा मार्ग गूंजता रहा। झांकियों के आगे और पीछे श्रद्धालुओं की लंबी कतारें दिखाई दीं। शहर के प्रमुख मार्गों पर देर रात तक लोगों की भीड़ बनी रही। कई लोग झांकियों के साथ सेल्फी लेते और अपने यादगार पलों को कैमरे में कैद करते नजर आए। अखाड़ों के प्रदर्शन ने खींचा ध्यान विसर्जन यात्रा में अखाड़ों के प्रदर्शन भी आकर्षण का केंद्र रहे। जगह-जगह पहलवानों ने अपने पारंपरिक करतब दिखाए। लाठी, तलवार और अन्य प्रदर्शन देखने के लिए लोग रुक गए। अखाड़ों के कलाकारों ने अपने कौशल से लोगों का ध्यान खींचा और दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया। कई जगह अखाड़ों के साथ चल रहे युवाओं में जोश दिखाई दिया। धार्मिक आयोजन के साथ-साथ यह प्रदर्शन भी लोगों के लिए आकर्षण का हिस्सा रहा। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने इन प्रस्तुतियों को देखा। विसर्जन मार्ग पर लगातार बढ़ती भीड़ के बीच अखाड़ों के प्रदर्शन ने माहौल को और जीवंत बना दिया। हनुमान चालीसा शुरू होते ही बदला माहौल रात के दौरान विसर्जन यात्रा में एक ऐसा समय भी आया जब पूरा माहौल बदल गया। डीजे पर हनुमान चालीसा का पाठ शुरू किया गया। इसके साथ ही सभी डीजे बंद कर दिए गए। नाचते-गाते आगे बढ़ रहे श्रद्धालु कुछ देर के लिए रुक गए और बड़ी संख्या में लोगों ने साथ बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ किया। तेज संगीत के बीच अचानक भक्ति का यह दृश्य लोगों के लिए खास अनुभव रहा। श्रद्धालु एक साथ पाठ करते नजर आए। इसके बाद फिर विसर्जन यात्रा आगे बढ़ी। इस दौरान लोगों में धार्मिक भावना और उत्साह दोनों दिखाई दिए। भीड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त जवान तैनात विसर्जन यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने पूरे मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी। भारी पुलिस जाब्ता तैनात किया गया था। इसके साथ ही क्यूआरटी टीम भी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए थी। प्रमुख चौराहों और भीड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिसकर्मी लगाए गए थे। एसपी धर्मेंद्र सिंह यादव, एडिशनल एसपी गजेंद्र सिंह जोधा, एडीएम दिलीप सिंह, तहसीलदार विपिन सिंह, डिप्टी बृजेश सिंह और सदर थानाधिकारी प्रेम सिंह मौके पर मौजूद रहे। अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे। इसी दौरान कुछ लोगों ने भीड़ के बीच पटाखे चलाने शुरू कर दिए। इस पर एडिशनल एसपी गजेंद्र सिंह जोधा मौके पर पहुंचे और पटाखे जब्त कर लिए। उन्होंने लोगों को समझाया कि इतनी बड़ी भीड़ में पटाखे चलाने से किसी को चोट लग सकती है। इसके बाद लोगों ने सहयोग किया और पटाखे चलाना बंद कर दिया। लड्डू प्रसाद लेने उमड़ी भीड़ विसर्जन के दौरान विधायक चंद्रभान सिंह आक्या की ओर से श्रद्धालुओं को लड्डू प्रसाद वितरित किया गया। प्रसाद लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और वहां भीड़ दिखाई दी। नव नियुक्त नगर परिषद सभापति अनिल ईनाणी भी मौके पर मौजूद रहे।