चित्तौड़गढ़ शहर के किला रोड स्थित एक होटल में गुरुवार सुबह एक 30 वर्षीय युवक कमरे में फंदे से लटका मिला। सुबह चैकआउट के समय पर जब होटल वालों ने गेट खुलवाने की कोशिश को तो वो कमरे से बाहर नहींं आया। जिसके बाद स्टाफ ने दूसरे रास्ते से कमरे तक पहुंचकर देखा तो संजय फंदे से लटका हुआ थ। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फिलहाल घटना के कारण सामने नहीं आए हैं। युवक की पहचान निम्बोदा गांव निवासी संजय दान चारण (30) पुत्र श्रवण दान चारण के रूप में हुई। संजय अपने मामा सज्जनदान चारण के होटल का काम संभालता था और अक्सर होटल के रिसेप्शन के पीछे बने कमरे में ही रुकता था। फोन नहीं उठाया तो दूसरे रास्ते से अंदर गया स्टाफ ASI नवरंग ने बताया- होटल मालिक सज्जनदान चारण किसी प्रसादी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गढ़वाड़ा गया हुआ था। सुबह होटल में ठहरे लोगों को रिसेप्शन पर कोई नहीं मिला तो उन्होंने होटल मालिक को फोन किया। सज्जनदान ने पहले संजय को कई बार कॉल किया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। इसके बाद वह तुरंत होटल पहुंचे। वहां मौजूद स्टाफ ने बताया कि अंदर जाने वाला दरवाजा बंद है और काफी देर से कोई जवाब नहीं मिल रहा। इसके बाद स्टाफ होटल के ऊपर बने खाली हिस्से से नीचे किचन में उतरा। किचन के बाद बने कमरे तक पहुंचने पर देखा कि उस कमरे के दरवाजे पर कुंडी नहीं लगी थी। दरवाजा खोलते ही देखा तो अंदर संजय फंदे से लटका हुआ मिला। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। FSL और एमओबी टीम ने जुटाए साक्ष्य सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस के एएसआई नवरंग जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। कुछ देर बाद एफएसएल और एमओबी की टीम भी होटल पहुंची। टीम ने पूरे कमरे का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना करने के बाद परिजनों को सूचना दी। बताया गया कि संजय की शादी करीब तीन साल पहले हुई थी और उसकी कोई संतान नहीं है। पुलिस के अनुसार परिजनों के चित्तौड़गढ़ पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटा रही है।