रक्षाबंधन से एक दिन पहले ही गुरुवार को चित्तौड़गढ़ रोडवेज बस स्टैंड पर त्योहार की हलचल दिखाई देने लगी। सुबह से ही बड़ी संख्या में महिलाएं और परिवार बस स्टैंड पहुंचने लगे। इस बार राज्य सरकार ने महिलाओं और बालिकाओं के लिए 28 और 29 अगस्त को रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी है। हालांकि, फ्री यात्रा शुक्रवार से शुरू होगी, लेकिन गुरुवार को भी कई महिलाएं पहले ही सफर पर निकल गईं। कुछ महिलाएं भीड़ से बचने के लिए एक दिन पहले रवाना हुईं, जबकि कई लोग फ्री यात्रा शुरू होने से पहले बसों की स्थिति और भीड़ का अंदाजा लगाने बस स्टैंड पहुंचे। दो दिन फ्री में सफर कर सकेंगे चित्तौड़गढ़ आगार के प्रशासन प्रबंधक नरेश कुमार बोरीवाल ने बताया कि मुख्यालय के निर्देशानुसार 28 और 29 अगस्त को महिलाओं और बालिकाओं को रोडवेज की साधारण, एक्सप्रेस और डीलक्स बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। पहले यह सुविधा सिर्फ एक दिन के लिए रहती थी, लेकिन इस बार इसे बढ़ाकर दो दिन कर दिया गया है। इससे महिलाओं को अपनी सुविधा के अनुसार यात्रा करने का मौका मिलेगा और एक ही दिन ज्यादा भीड़ होने की संभावना भी कम होगी। हर साल रक्षाबंधन पर बड़ी संख्या में महिलाएं अपने मायके या भाई के घर जाने के लिए रोडवेज बसों का उपयोग करती हैं। जरूरत पड़ने पर और बसें भेजी जाएगी रोडवेज प्रशासन के अनुसार, चित्तौड़गढ़ की 72 बसें अलग-अलग रूटों पर नियमित रूप से चल रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि सभी प्रमुख रूटों पर लगातार नजर रखी जा रही है। जिस रूट पर यात्रियों की संख्या ज्यादा होगी, वहां तुरंत अतिरिक्त बसें भेजी जाएंगी। इसके लिए पहले से तैयारी कर ली गई है ताकि किसी भी यात्री को लंबे समय तक इंतजार नहीं करना पड़े। डिपो प्रशासन का कहना है कि त्योहार के दौरान बसों का संचालन यात्रियों की संख्या के अनुसार किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त चालक और बसों की व्यवस्था भी की जाएगी। रोडवेज ने पूरी की तैयारी बोरीवाल ने बताया- सबसे ज्यादा भीड़ शुक्रवार और शनिवार को रहेगी, क्योंकि इन्हीं दो दिनों में महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। ऐसे में चित्तौड़गढ़ से उदयपुर, भीलवाड़ा, निम्बाहेड़ा, प्रतापगढ़, कोटा और अन्य प्रमुख रूटों पर यात्रियों की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में काफी ज्यादा रहने की संभावना है। रोडवेज ने सभी रूटों पर निगरानी बढ़ा दी है। अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की सुविधा उनकी पहली प्राथमिकता है। राजस्थान में ही लागू होगी यह व्यवस्था रक्षाबंधन पर महिलाओं और बालिकाओं को 28 अगस्त रात 12 बजे से 29 अगस्त रात 12 बजे तक राजस्थान राज्य की सीमा के अंदर रोडवेज की साधारण, एक्सप्रेस और ब्लू लाइन बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। यह सुविधा सिर्फ राजस्थान में सफर करने तक ही मान्य होगी। अगर कोई महिला रोडवेज बस से दूसरे राज्य में यात्रा करती है तो राजस्थान की सीमा पार करने के बाद का किराया देना होगा। वहीं लग्जरी और वोल्वो जैसी प्रीमियम बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा नहीं मिलेगी। इन बसों में महिलाओं को किराए में 50 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।