चित्तौड़गढ़ जिले से उदयपुर आने-जाने वाले रेल यात्रियों को अगले करीब तीन सप्ताह तक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। अजमेर मंडल के राणा प्रताप नगर-मावली जंक्शन यार्ड में तकनीकी काम होने के कारण कई रेल सेवाओं के संचालन में बदलाव किया गया है। इसका सीधा असर चित्तौड़गढ़, कपासन, मावली और उदयपुर के बीच सफर करने वाले यात्रियों पर पड़ेगा। कुछ ट्रेनें अपने अंतिम स्टेशन तक नहीं जाएंगी, जबकि चित्तौड़गढ़ से चलने वाली एक पैसेंजर ट्रेन अलग-अलग तारीखों में 20 से 25 मिनट की देरी से चलेगी। उदयपुर तक नहीं जाएगी मंदसौर-उदयपुर ट्रेन रेलवे के अनुसार सबसे बड़ा बदलाव मंदसौर-उदयपुर सिटी पैसेंजर ट्रेन में किया गया है। 17 सितंबर से 25 सितंबर तक ट्रेन संख्या 59835 मंदसौर से चलकर उदयपुर सिटी की बजाय सिर्फ मावली जंक्शन तक ही पहुंचेगी। यानी इस दौरान मावली जंक्शन से उदयपुर सिटी के बीच यह ट्रेन नहीं चलेगी। इसी अवधि में ट्रेन संख्या 59836 भी उदयपुर सिटी से नहीं चलेगी। यह ट्रेन मावली जंक्शन से ही मंदसौर के लिए रवाना होगी। इसका मतलब है कि उदयपुर से मावली के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को दूसरी ट्रेन या सड़क मार्ग का सहारा लेना पड़ेगा। 26 सितंबर से फिर बदलेगी व्यवस्था तकनीकी काम आगे बढ़ने के बाद 26 सितंबर से 3 अक्टूबर तक रेल संचालन में फिर बदलाव रहेगा। इस दौरान मंदसौर-उदयपुर सिटी पैसेंजर ट्रेन राणा प्रताप नगर स्टेशन तक ही जाएगी और वहां से आगे उदयपुर सिटी नहीं पहुंचेगी। वहीं वापसी में उदयपुर सिटी से चलने वाली ट्रेन भी राणा प्रताप नगर की बजाय वहीं से शुरू होगी। यानी इस अवधि में राणा प्रताप नगर और उदयपुर सिटी के बीच यह ट्रेन पूरी तरह बंद रहेगी। हालांकि इसका ज्यादा असर पेसेंजर पर नहीं पड़ेगा। राणा प्रताप नगर स्टेशन उदयपुर के मुख्य जंक्शन से कुछ किलोमीटर की ही दूरी पर है। यह स्टेशन भी उदयपुर शहर में ही है। चित्तौड़गढ़-असारवा ट्रेन भी चलेगी देरी से तकनीकी काम का असर चित्तौड़गढ़ से चलने वाली ट्रेन पर भी दिखाई देगा। ट्रेन संख्या 69244 चित्तौड़गढ़-असारवा रेल सेवा अलग-अलग तारीखों में रास्ते में 20 से 25 मिनट तक रोकी जाएगी। 17 सितंबर तक यह ट्रेन कपासन और भीमल के बीच 25 मिनट रेगुलेट रहेगी। 18 सितंबर से 25 सितंबर तक इसे कपासन और मावली जंक्शन के बीच 25 मिनट तक रोका जाएगा। इसके बाद 26 सितंबर से 3 अक्टूबर तक यह ट्रेन घोसुंडा और फतेहनगर के बीच 20 मिनट रेगुलेट रहेगी। ऐसे में अहमदाबाद और बीच के स्टेशनों की ओर जाने वाले यात्रियों को समय का अतिरिक्त ध्यान रखना होगा। सफर से पहले ट्रेन की जानकारी जरूर देखें रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह बदलाव राणा प्रताप नगर-मावली जंक्शन यार्ड में चल रहे तकनीकी काम के कारण किए गए हैं। इस तरह के काम पूरे होने के बाद ट्रेनों का संचालन पहले की तरह सामान्य हो जाएगा। फिलहाल जिन यात्रियों ने इन तारीखों में उदयपुर, मावली, कपासन, चित्तौड़गढ़ या अहमदाबाद की ओर यात्रा की योजना बनाई है, उन्हें स्टेशन पहुंचने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति जरूर देख लेनी चाहिए।