चित्तौड़गढ़ के मौसम में पिछले 24 घंटे के दौरान हल्का बदलाव देखने को मिला है। दिन और रात दोनों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, अधिकतम तापमान 36.8 और न्यूनतम 22 डिग्री पर पहुंच गया है। इसके बावजूद दिन में तेज धूप और हवा में नमी के कारण गर्मी और उमस बनी हुई है। मौसम विभाग ने अगले 5 से 6 दिन तक जिले सहित राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है। यानी फिलहाल बारिश की उम्मीद नहीं है और मौसम साफ रहने के आसार हैं। पिछले कई दिनों से लगातार बनी गर्मी के बीच तापमान में आई यह गिरावट लोगों के लिए थोड़ी राहत लेकर जरूर आई है, लेकिन दिन में तेज धूप और उमस की वजह से अब भी गर्मी महसूस हो रही है। ऐसे में लोगों को अभी ठंड जैसे मौसम का इंतजार थोड़ा और करना पड़ेगा। अधिकतम तापमान 1.2 और न्यूनतम 2.6 डिग्री गिरा पिछले 24 घंटे में अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान में कमी दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान 38 डिग्री से घटकर 36.8 डिग्री पर पहुंच गया, यानी इसमें 1.2 डिग्री की गिरावट आई। वहीं न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री से घटकर 22 डिग्री दर्ज किया गया, जो 2.6 डिग्री कम है। तापमान कम होने के बाद भी दिन में धूप का असर बना हुआ है और हवा में नमी होने से उमस महसूस हो रही है। सुबह और रात के समय हल्की राहत जरूर मिल रही है, लेकिन दिन के समय लोगों को अब भी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। अक्टूबर का आधा महीना गुजरने के बाद भी मौसम में ठंड का असर साफ तौर पर दिखाई नहीं दे रहा है। राजस्थान में बारिश का असर, लेकिन चित्तौड़गढ़ में मौसम साफ राजस्थान के कई हिस्सों में पिछले दिनों बारिश की गतिविधियां देखने को मिली हैं। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि इसी वजह से कई जिलों में तापमान में कमी आई है और इसका हल्का असर चित्तौड़गढ़ में भी देखने को मिला है। हालांकि जिले में फिलहाल मौसम पूरी तरह साफ बना हुआ है। आसमान साफ रहने और बारिश नहीं होने से दिन के समय धूप का असर बना हुआ है। मौसम में बदलाव जरूर शुरू हुआ है, लेकिन अभी ऐसा कोई बदलाव नहीं है जिससे लोगों को गर्मी से पूरी राहत मिल सके। 23-24 अक्टूबर को एक्टिव होगा नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस मौसम विभाग के अनुसार 19 अक्टूबर से राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा और अगले 5 से 6 दिन तक यही स्थिति बनी रहने की संभावना है। विभाग ने यह भी बताया है कि उत्तर-पश्चिम राजस्थान के कुछ इलाकों में 23 और 24 अक्टूबर के आसपास एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो सकता है। हालांकि चित्तौड़गढ़ जिले के लिए फिलहाल किसी तरह का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। फिर भी मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि प्रदेश में होने वाले इस बदलाव का हल्का असर जिले के मौसम पर भी देखने को मिल सकता है। फिलहाल लोगों को अगले कुछ दिन साफ मौसम, गर्म दिन और हल्की राहत वाली सुबह-शाम का ही सामना करना पड़ेगा।