जयपुर में मशहूर लेखक-शायर जावेद अख्तर और अभिनेत्री शबाना आजमी का कविता और शायरी का विशेष कार्यक्रम होगा। सीतापुरा स्थित इंटरकॉन्टिनेंटल जयपुर में 4 अक्टूबर को होने वाले कार्यक्रम में शाम 4:30 से 6:30 बजे तक जावेद अख्तर और शबाना आजमी के साथ ‘पोएट्री एंड कन्वर्सेशन’ का आयोजन होगा। कार्यक्रम में जावेद अख्तर अपनी शायरी मूल रूप में पेश करेंगे। वहीं शबाना आजमी उसका अंग्रेजी में अनुवाद करेंगी। इसके बाद दोनों कलाकार दर्शकों के साथ बातचीत और संवाद करेंगे। दिल्ली का रेस्टोरेंट ‘चोर बाजार’ अब जयपुर में दस्तक देने जा रहा है। ईएचवी इंटरनेशनल की ओर से इंटरकॉन्टिनेंटल जयपुर में ‘चोर बाजार’ की शुरुआत की जाएगी। इसके लॉन्च के मौके पर जावेद अख्तर और शबाना आजमी का कार्यक्रम होगा। 35 साल की विरासत लेकर जयपुर पहुंचेगा ‘चोर बाजार’ ‘चोर बाजार’ की पहचान सिर्फ रेस्टोरेंट के तौर पर नहीं, बल्कि अनूठे माहौल और भारतीय खान-पान की विविधता के लिए रही है। इसे दिल्ली के मशहूर ‘थीव्स मार्केट’ से प्रेरित सजावट, क्षेत्रीय भारतीय व्यंजनों और कश्मीरी वजवान के लिए पहचाना जाता है। ‘चोर बाजार’ की शुरुआत साल 1990 में दिल्ली के होटल ब्रॉडवे में हुई थी। इसकी खासियत इसका ऐसा इंटीरियर है, जिसमें अलग-अलग दौर की पुरानी और अनूठी चीजों को सजावट का हिस्सा बनाया गया है। रेस्टोरेंट के अनुसार- यहां क्षेत्रीय भारतीय व्यंजनों के साथ कश्मीरी फूड पर खास ध्यान रहा है और यह वजवान के लिए भी जाना जाता है।