चूरू शहर के मोचीवाड़ा स्थित श्रीरामदेव मंदिर में सोमवार को बाबा रामदेव जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस दौरान मंदिर में दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ रही। भक्तों ने बाबा रामदेव के दरबार में धोक लगाकर देश, प्रदेश और परिवार की सुख-शांति व समृद्धि की कामना की। मंदिर के पुजारी महावीर प्रसाद गोस्वामी ने बताया कि श्रद्धालुओं ने बाबा रामदेव को नारियल और चूरमा का भोग लगाकर पूजा-अर्चना की। इस दौरान मंदिर परिसर बाबा के जयकारों से गूंज उठा। जयंती के अवसर पर मंदिर परिसर में बाबा रामदेव मेले का भी आयोजन किया गया। मेले में कई तरह की दुकानें और स्टॉल सजाए गए। रंग-बिरंगी दुकानों पर बच्चों के खिलौनों से लेकर घरेलू सामान तक कई चीजें आकर्षण का केंद्र रहीं। बच्चों और महिलाओं ने मेले में खूब खरीदारी की। देर रात तक मेले में लोगों की भीड़ बनी रही और माहौल उत्सव जैसा रहा। शाम के समय महिला श्रद्धालुओं की काफी भीड़ देखने को मिली। मेले में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा।