चूरू में प्राचीन श्री बालाजी बाबोसा मंदिर के नवीनीकृत और विस्तारित स्वरूप का लोकार्पण समारोह 15 अक्टूबर को सुबह 11 बजे होगा। परम आराधिका मंजू बाईसा मंदिर का लोकार्पण करेंगी। श्रीबाबोसा मंदिर ट्रस्ट की बुधवार को दक्ष प्रजापति भवन में हुई बैठक में यह जानकारी दी गई। ट्रस्ट के प्रमुख प्रकाश कोठारी ने बताया कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के कारण मंदिर के विस्तारीकरण की जरूरत महसूस हुई थी। अब मंदिर को भव्य और आकर्षक रूप दिया गया है। इसमें श्रीबालाजी और श्रीबाबोसा भगवान की विशाल प्रतिमाओं के साथ सनातन धर्म के प्रमुख देवी-देवताओं की प्रतिमाएं भी स्थापित होंगी। लोकार्पण समारोह में देश-विदेश से श्रद्धालु शामिल होंगे। ट्रस्ट युवाओं को नशे और बुरी आदतों से दूर रहने के लिए प्रेरित कर रहा है। इस दौरान अजय बैद, चंद्रप्रकाश शर्मा, सूर्यप्रकाश वर्मा, मनीष वर्मा, रवि दाधीच और भरत पारीक भी मौजूद थे।