रक्षाबंधन पर्व पर रेलवे स्टेशन पर कालिका टीम, महिला थाना पुलिस और यातायात पुलिस ने मिलकर एक जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने राहगीरों की कलाई पर राखी बांधकर उन्हें नशे से दूर रहने, बाइक चलाते समय हेलमेट पहनने और चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट लगाने का संकल्प दिलाया। महिला थानाधिकारी कुसुमलता ने इस अवसर पर कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं है, बल्कि यह समाज की सुरक्षा और जिम्मेदारी का संदेश देने का भी अवसर है। उन्होंने आमजन से महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ स्वयं और परिवार के सदस्यों को नशे से दूर रखने की अपील की। यातायात एसआई महिपाल सिंह ने सड़क हादसों से बचाव के लिए यातायात नियमों का पालन करना बेहद जरूरी बताया। उन्होंने विशेष रूप से दोपहिया वाहन सवारों को हेलमेट और चार पहिया वाहन ड्राइवरों को सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की सलाह दी। कालिका टीम प्रभारी कौशल्या ने जानकारी दी कि उनकी टीम द्वारा आमजन को जागरूक करने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि रक्षाबंधन के मौके पर राखी बांधकर लोगों को सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का संकल्प दिलाया गया। इस अभियान में कॉन्स्टेबल प्रमिला, सुनीता, चंदा, कृष्णा सहित महिला थाना पुलिस और यातायात थाना पुलिस के जवान मौजूद रहे। पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन के अलावा इन्द्रमणि पार्क और नेचर पार्क में भी आमजन को राखी बांधकर नशामुक्ति और यातायात नियमों की पालना का संकल्प दिलाया।