जायका हॉल में रविवार शाम को नवनिर्वाचित पालिकाध्यक्ष राकेश पूनिया, उपाध्यक्ष प्रतिनिधि लाल मोहम्मद भियाणी सहित पार्षदों का सम्मान किया गया। पूर्व पालिकाध्यक्ष नंदकिशोर मरोदिया की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में शहर के विकास, सफाई, सड़क, रोशनी और ड्रेनेज व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया। मुख्य अतिथि भाजपा नेता पद्मभूषण देवेंद्र झाझड़िया ने कहा कि जनता की अपेक्षाओं और जरूरतों के अनुरूप शहर का विकास होना चाहिए। शहरवासी बाजार की व्यवस्था में सुधार, अच्छी सड़कें और बेहतर सफाई व्यवस्था चाहते हैं। ड्रेनेज के लिए 80 करोड़ रुपए के टेंडर हो चुके हैं। अगर इन कार्यों को सही तरीके से पूरा करवाया गया तो शहर की तस्वीर बदल जाएगी। भाजपा नेता सुमित्रा पूनिया ने कहा कि पिछले कार्यकाल में सीसीटीवी, लाइट और सफाई सहित कई व्यवस्थाएं प्रभावित हुई थी। अब शहर विकास की दिशा में आगे बढ़ेगा। पालिकाध्यक्ष पूनिया ने कहा कि शहर का समुचित विकास उनकी प्राथमिकता है। प्रत्येक वार्ड में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य करवाए जाएंगे। प्रो. दलीप पूनिया, पूर्व चेयरमैन मरोदिया, पालिका उपाध्यक्ष प्रतिनिधि लाल मोहम्मद भियाणी ने भी विचार व्यक्त किए। भाजपा विधानसभा प्रभारी सुरेंद्र सिंह मिठड़ी, महावीर पूनिया, पार्षद निसार मोहम्मद चौहान, पूर्व उप जिला प्रमुख सुरेंद्र स्वामी, जिला मंत्री कौशल पूनिया भी मंचस्थ थे। कार्यक्रम में नवनिर्वाचित पार्षद ज्ञानप्रकाश सैनी, नरेश ठेकेदार, सदीक मोहम्मद खींची, मोहम्मद तालिम, कन्हैयालाल, अनुराग पूनिया व संदीप श्योराण सहित अन्य का अभिनंदन किया गया। प्रवीण कुमार, संजय कुमार, अजीत मरोदिया, रिंकू चंगोईवाला, निखिल, पीयूष और विकास मरोदिया ने चेयरमैन पूनिया, लाल मोहम्मद भियाणी, देवेंद्र झाझड़िया व सुमित्रा पूनिया को 51 किलो की पुष्प माला पहनाकर सम्मानित किया। भाजपा नगर अध्यक्ष गोपाल शर्मा, प्रमोद पूनिया, एडवोकेट सुनील जांगिड़, किशोरी सारड़ा, संतकुमार सरावगी आदि ने स्वागत किया।