भास्कर न्यूज | कुस्तला कस्बे में ग्राम पंचायत की ओर से सफाई व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। बरसात के दौरान पिछले कई दिनों से नालियों की नियमित सफाई नहीं होने के कारण पानी का निकास प्रभावित हो रहा था और कई स्थानों पर नालियों का पानी सड़क पर फैल रहा था। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। ग्राम पंचायत की ओर से गुरुवार से बस स्टैंड तक नालियों की सफाई का कार्य शुरू किया गया। सफाई के दौरान नालियों में जमा कचरा और गंदगी बाहर निकाली गई, जिससे पानी के बहाव का रास्ता साफ हो गया। अब बारिश होने पर पानी नालियों के जरिए आगे की ओर बह सकेगा और सड़क पर जलभराव की समस्या कम होने की उम्मीद है। इससे बस स्टैंड क्षेत्र से आने-जाने वाले लोगों को राहत मिलेगी। सफाई संविदा कर्मी टीकाराम सैनी ने बताया कि कस्बे में सफाई व्यवस्था सुचारू रखने के लिए नियमित रूप से कार्य करवाया जा रहा है। जहां भी सफाई की आवश्यकता या गंदगी दिखाई देती है, वहां तत्काल सफाई करवाई जाती है। वर्तमान में स्वच्छता अभियान के तहत ग्राम पंचायत की ओर से सफाई कार्य लगातार जारी है।