खेतों में खड़ी खरीफ फसल कटाई का कार्य प्रारंभ हो गया है, लेकिन गुरुवार अल सुबह से आसमान में छाए बादलों ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। किसान बारिश होने से फसल प्रभावित होने के कयास से परेशान हैं। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि यह मानसून की विदाई का असर है। मानसून धीरे-धीरे विदा हो रहा है, जिस कारण अभी दो-तीन दिन और आसमान में बादल छाए रहेंगे, लेकिन बारिश की संभावना कम ही है। जिले से मानसून की विदाई प्रारंभ हो चुकी है और धीरे-धीरे आसमान से बादल साफ होने लगे हैं, लेकिन गुरुवार सुबह से छाए बादलों ने किसानों की धड़कनें बढ़ा दी है। तो वहीं मानसून की विदाई के साथ ही गर्मी भी अब शनै-शनै बढ़ने लगी है और चार दिन पहले 30 डिग्री रहने वाला अधिकतम तापमान गुरुवार को 34 िडग्री पर जा पहुंचा। जिससे लोगों को गर्मी व उमस से हाल बेहाल रहा। मौसम विभाग का कहना है कि मानूसन की विदाई का दौर चल रहा है। दो-तीन दिन और बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन बारिश की संभावना बहुत कम है। आगामी दिनों में तापमान के स्थिर रहने का अनुमान है। तो वहीं इस मानसूनी सीजन औसत बारिश की बात करें तो मानसून की विदाई तक जिले में औसत बारिश का आंकड़ा पार हो चुका है। अभी तक जिले में औसत बारिश 650 एमएम के मुकाबले 666.1 एमएम यानी 102.5 प्रतिशत बारिश दर्ज की जा चुकी है। िजले में सबसे ज्यादा बारिश धौलपुर उपखण्ड में 736 एमएम रिकॉर्ड की गई है। उसके बाद सैंपऊ उपखण्ड में सबसे अधिक 724 एमएम बारिश दर्ज हुई।