कोटा नगर निगम चुनाव में भाजपा की जीत के बाद मंगलवार को सीएम भजनलाल शर्मा कोटा के दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री कल सुबह करीब 11:30 बजे कोटा एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वे सीधे 80 फीट रोड स्थित निर्माणाधीन भाजपा शहर जिला कार्यालय पहुंचकर निर्माण कार्य का जायजा लेंगे और पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद भी करेंगे। भाजपा शहर जिला कार्यालय में मुख्यमंत्री के स्वागत और आभार कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के दौरे को लेकर पार्टी स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। कोटा देहात और बूंदी जिले के कार्यकर्ताओं से करेंगे संवाद भाजपा शहर जिला अध्यक्ष राकेश जैन ने बताया कि इसके बाद सीएम भजनलाल शर्मा दोपहर 12 बजे कोरल पार्क में पंचायत चुनाव को लेकर कोटा देहात और बूंदी जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। इस दौरान पंचायत चुनाव की तैयारियों और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर कार्यकर्ताओं से चर्चा होगी। कार्यक्रम में कोटा के महापौर, उप महापौर, पार्षद एवं पार्षद प्रत्याशी, विधायक, मंडल और जिला स्तर के पार्टी कार्यकर्ता तथा प्रदेश पदाधिकारी शामिल होंगे। कोटा कांग्रेस मुक्त हुआ, जनता ने सरकार की नीतियों पर मुहर लगाई राकेश जैन ने कहा कि हाल ही में हुए निगम चुनाव में कोटा कांग्रेस मुक्त हुआ है। जनता ने भाजपा सरकार की नीतियों पर मुहर लगाई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 10 में से 9 नगर निगमों में भाजपा के महापौर बने हैं। जैन ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस अभी तक यह पता नहीं लगा पाई है कि उसके खेमे के किन पार्षदों ने मेयर चुनाव में क्रॉस वोटिंग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को पहले अपने संगठन के भीतर हुए घटनाक्रम पर मंथन करना चाहिए। एसआईआर को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार एसआईआर को लेकर कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर राकेश जैन ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस राजनीतिक लाभ के लिए जनता के बीच भ्रम और झूठ फैलाने का प्रयास कर रही है। जब भी कांग्रेस को किसी विषय पर राजनीतिक असहमति होती है, वह तथ्यों और संस्थागत प्रक्रियाओं पर सवाल उठाने के बजाय संवैधानिक संस्थाओं को कठघरे में खड़ा करने लगती है। कांग्रेस यदि एसआईआर में कथित गड़बड़ी की बात करती है तो उसे ठोस दस्तावेज और प्रमाण जनता के सामने रखने चाहिए। केवल झूठ फैलाने और राजनीतिक लाभ लेने के लिए गंभीर आरोप लगाना लोकतांत्रिक विमर्श के लिए उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा उठाए गए सवालों पर राजस्थान के लोकप्रिय सीएम भजनलाल शर्मा ने 5 महत्वपूर्ण प्रश्न सामने रखे हैं। कांग्रेस में दम हो तो प्रमाण रखे अन्यथा देश से माफी मांगे। ---- ये खबर भी पढ़े… CM बोले-नकारी गई पार्टी SIR पर सवाल खड़े कर रही:राहुल गांधी ने राफेल पर झूठ बोला,फिर कोर्ट में माफी मांगी; कांग्रेस से पूछे 5 सवाल सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा- विपक्ष हमारी संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने की बात कर रहा है। पिछले 4-5 दिनों से विपक्ष खासतौर पर कांग्रेस पार्टी गलत तथ्यों के आधार पर संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगा रही है। (पूरी खबर पढ़ें…)