प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के निर्देशन एवं जिला कांग्रेस कमेटी सवाई माधोपुर की जिलाध्यक्ष व बामनवास विधायक इंदिरा मीणा के नेतृत्व में मंगलवार सुबह 11 बजे विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। जिला कांग्रेस कमेटी के अनुसार कांग्रेस कार्यकर्ता महावीर पार्क, बजरिया में एकत्र होंगे। इसके बाद अंबेडकर सर्कल होते हुए जिला कलेक्ट्रेट के पास पहुंचकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार गुप्ता को हटाने तथा वोट चोरी के आरोपों के विरोध में प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान पुतला दहन भी किया जाएगा। विरोध प्रदर्शन के साथ ही पंचायती राज चुनाव लड़ने के इच्छुक कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आवेदन भी लिए जाएंगे। इच्छुक आवेदकों से अपना आवेदन साथ लेकर निर्धारित समय पर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने का आग्रह किया है। जिला कांग्रेस कमेटी ने सभी कांग्रेस पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की है।