राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर बाड़मेर जिला कांग्रेस कमेटी ने लोकतंत्र की रक्षा, चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर पैदल मार्च निकाला। मतदाता सूची में हेरफेर, निर्वाचन आयोग की आईटी प्रणाली के केंद्रीकरण, मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के एकतरफा फैसलों के विरोध में प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया। चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता, जवाबदेही, लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा की मांग उठाई। प्रदर्शन में सांसद उमेदाराम बेनीवाल, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह गोदारा, पूर्व विधायक पदमाराम मेघवाल, पूर्व राज्यमंत्री गफूर अहमद, निवर्तमान जिला प्रमुख महेंद्र चौधरी, पूर्व जिलाध्यक्ष फतेह खान, वरिष्ठ नेता हाजी शेर मोहम्मद, पीसीसी सचिव आजाद सिंह राठौड़, पीसीसी सदस्य ठाकराराम माली, रिड़मल सिंह दांता के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट का घेराव किया । कांग्रेस शहर मंडल अध्यक्ष स्वरूप सिंह पंवार ने बताया कि जिला कांग्रेस कार्यालय में सभा हुई। सभा में सांसद बेनीवाल ने कहा कि केंद्र सरकार चुनाव आयोग का गलत उपयोग कर वोट चोरी कर रही है। इसे निंदनीय बताया। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार से तुरंत इस्तीफे की मांग की। कहा कि जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते, तब तक वोट चोरी नहीं रुकती, कांग्रेस सड़कों पर उतरकर संघर्ष करती रहेगी। जिलाध्यक्ष लक्ष्मण गोदारा ने कहा कि कार्यकर्ता संगठन को मजबूती दें। आने वाले दिनों में भाजपा सरकार को केंद्र व राज्य से हटाकर ही दम लेंगे। पार्टी सड़क से सदन तक आवाज उठाती रहेगी। ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक लड़ाई जारी रहेगी। हजारों कार्यकर्ताओं ने इंदिरा सर्किल से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकाला। ज्ञानेश कुमार का पुतला जलाकर विरोध जताया। प्रदर्शन में ब्लॉक अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, अग्रिम संगठन, प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष, जनप्रतिनिधि शामिल हुए।