भास्कर न्यूज| बारां शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर परिषद बोर्ड ने सफाई कर्मचारियों और अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में वार्डों में सफाई व्यवस्था सुधारने, कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करने और बेहतर सफाई प्रबंधन की कार्ययोजना पर चर्चा हुई। नए बोर्ड के पार्षदों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों की सफाई व्यवस्था को लेकर सुझाव दिए। पार्षद केशव नागर और अंकित मीणा ने बताया कि बैठक में सफाई कर्मचारियों, अधिकारियों और पार्षदों ने शहर की मौजूदा स्थिति पर चर्चा की। वार्डों में नियमित सफाई और व्यवस्था की निगरानी को लेकर भी सुझाव रखे गए। पूर्व सभापति कमल राठौर ने कहा कि जैसे हम अपने घर को साफ-सुथरा रखते हैं, वैसे ही बारां शहर को भी अपना घर मानकर उसकी देखभाल करनी होगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में शहर की स्वच्छता व्यवस्था में सुधार की जरूरत है और सभी कर्मचारी, अधिकारी व बोर्ड सदस्य मिलकर इस दिशा में काम करें। उपसभापति तेजेश सुमन ने कहा कि शहर को स्वच्छ बनाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। अधिकारी, कर्मचारी और पार्षद आपसी समन्वय से काम करेंगे तो सफाई व्यवस्था में बेहतर सुधार लाया जा सकता है। बैठक में पार्षद दीपक वाल्मीकि, हितेश प्रजापति, संजय यादव, नीरज नागर, गिरीश मेहरा, ऋषि सोन और गजेंद्र नागर सहित नगर परिषद के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।