क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने 2018 के बहुचर्चित सैंडपेपरगेट मामले से जुड़े खिलाड़ियों और स्टाफ सदस्यों को अपनी बात रखने का एक और अवसर देने का निर्णय लिया है। इसके लिए एक स्वतंत्र फोरम का गठन किया जाएगा। ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच तीसरे वनडे मैच से पूर्व क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के अंतरिम चेयरमैन डेविड बून और मुख्य कार्यकारी टॉड ग्रीनबर्ग ने इसकी आधिकारिक जानकारी दी।

डेविड बून ने स्पष्ट किया कि इस फोरम के गठन का उद्देश्य 2018 की घटना की फिर से जांच करना बिल्कुल नहीं है। इसका मुख्य लक्ष्य यह है कि उस विवाद से जुड़े लोग अपने अनुभव और नजरिए को साझा कर सकें, जिससे ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट आगे बढ़ सके और इस पुराने विवाद पर विराम लग सके।

उस्मान ख्वाजा की आत्मकथा ने बढ़ाई हलचल

यह विवाद हाल ही में पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर उस्मान ख्वाजा की बायोग्राफी 'सब्र' के आने के बाद फिर से चर्चा में आया है। ख्वाजा ने अपनी पुस्तक में सनसनीखेज दावा करते हुए लिखा है कि 2018 के दक्षिण अफ्रीका दौरे के दौरान पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को गेंद से छेड़छाड़ की जानकारी थी। ख्वाजा ने सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड को दिए एक साक्षात्कार में कहा कि इसमें बल्लेबाज, गेंदबाज और सपोर्ट स्टाफ सभी शामिल थे। उन्होंने यह भी दावा किया कि केपटाउन टेस्ट के दौरान वे कैमरन बैनक्रॉफ्ट के पास बैठे थे, लेकिन क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की जांच में उनका बयान दर्ज नहीं किया गया था।

खिलाड़ियों की अलग-अलग प्रतिक्रिया

ख्वाजा के दावों के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम के अन्य सदस्य भी सक्रिय हुए हैं। कप्तान पैट कमिंस ने इन दावों को पूरी तरह खारिज करते हुए इन्हें 'बेतुका' बताया था। वहीं, तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने भी ख्वाजा के दावों का खंडन किया है। स्टार्क का कहना है कि उन्हें मैदान पर सैंडपेपर ले जाने की कोई जानकारी नहीं थी। उन्होंने दोहराया कि उन्हें घटना का पता केपटाउन टेस्ट के दौरान स्टेडियम की बड़ी स्क्रीन देखकर चला था।

उल्लेखनीय है कि 2021 में पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड और नाथन लियोन ने एक संयुक्त बयान जारी कर गेंद से छेड़छाड़ की जानकारी होने से साफ इनकार कर दिया था। अब क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया द्वारा बनाए जा रहे इस फोरम पर सभी की निगाहें टिकी हैं कि क्या यह सालों पुराने इस विवाद को सुलझाने में मददगार साबित होगा।