उदयपुर के गांधी ग्राउंड में शुक्रवार शाम दैनिक भास्कर गरबा महोत्सव के दूसरे दिन राजस्थानी-गुजराती सॉन्ग के साथ डांडियो की खनक ने महोत्सव की रौनक दोगुनी कर दी। शुक्रवार को जबर्दस्त भीड़ रही। पूरा ग्राउंड बच्चों, युवाओं और महिलाओं से खचाखच भरा था। हर कोई झूमते-थिरकते दिख रहा था। गोविंद बोलो हरि गोपाल बोलो.., ढोलीडा ढोल रे वगाड.., ओढ़नी उडी-उडी जाए.., केसरियो रंग और नकाडा संग ढोल..जैसे सॉन्ग पर लोग जमकर नाचे। चारों और जोश और उत्साह का नजारा था। यहां हर कोई पारंपरिक ड्रेसेज पहने गरबा खेलने पहुंचा। दैनिक भास्कर और रजनीगंधा की ओर से आयोजित तीन दिवसीय महोत्सव का आज शनिवार को अंतिम दिन है। अतिथियों ने विजेताओं को दिए पुरस्कार कार्यक्रम में कलेक्टर गौरव अग्रवाल, एसपी डॉ अमृता दुहन, एएसपी सिटी उमेश ओझा, गिर्वा एसडीओ मनसुखराम डामोर, सीपीएस रॉकवुड स्कूल से चेयरपर्सन अनिल शर्मा, अलका शर्मा, रजनीगंधा से पवन बजाज, विशाल, अनित, राजीव, मनोज, सचिन मौजूद थे। इसके अलावा बडाला क्लासेज से निदेशक राहुल बडाला, एक्मे फिन्ट्रेड इंडिया लि. से एमडी निर्मल जैन, गीतांजलि मेडिकल कॉलेज से कल्पेश चंद, दैनिक भास्कर यूनिट हैड सुरेन्द्र जांगिड़ और संपादक नवल सक्सेना मौजूद रहे। अतिथियों ने गरबा महोत्सव के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए।