दौसा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में 2 युवकों की मौत हो गई, जबकि 4 लोग घायल हो गए। नांगल राजावतान थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे देखने पहुंचे दो युवकों को रेलिंग के पास खड़े होने के दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। हादसे के बाद ड्राइवर ट्रक लेकर फरार हो गया। हादसा नांगल राजावतान थाना क्षेत्र में चूड़ियावास गांव के पास शुक्रवार सुबह 10.30 बजे हुआ। वहीं, सदर थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से कार सवार चार लोग घायल हो गए। सभी का जिला हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। साहिल और महेंद्र एक्सप्रेसवे देखने पहुंचे थे नांगल थाना इंचार्ज हुसैन अली ने बताया - चूड़ियावास निवासी साहिल मीणा (16) और जयपुर के बांसखोह क्षेत्र के उगास निवासी महेंद्र मीणा (22) दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे देखने के लिए ऊपर चढ़े थे। दोनों रेलिंग के पास खड़े थे। इसी दौरान दौसा से लालसोट की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने दोनों को कुचल दिया। हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया। हुसैन अली के अनुसार, हादसे की जानकारी मिलने पर परिजन दोनों युवकों को जिला हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। थाना इंचार्ज ने बताया कि दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस टक्कर मारने वाले ट्रक की तलाश कर रही है। मामले की जांच जारी है। कार को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, जयपुर के चार लोग घायल जिला हॉस्पिटल चौकी में तैनात मनीष पांडे ने बताया- सदर थाना में एक्सप्रेसवे पर चैनल नंबर 161 के पास हादसे में चार लोग घायल हो गए। कार को अज्ञात वाहन टक्कर कर फरार हो गया। हादसे में जयपुर के रहने वाले लोकेश सिंह (25) निवासी हरमाड़ा, पीयूष अग्रवाल (27) निवासी कालवाड़ रोड, रूचिर व्यास (25) निवासी वैशाली नगर और विनित वर्मा (43) निवासी लक्ष्मण नगर श्याम नगर, घायल हो गए। सभी को दौसा जिला हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।