दौसा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार सुबह करीब 30 किलोमीटर में तीन घंटे के दौरान तीन अलग-अलग सड़क हादसे हुए। इनमें तीन लोगों की मौत हो गई। 25 लोग घायल हो गए। पहला हादसा सुबह करीब 7:30 बजे कोलवा थाना क्षेत्र के गुड़लिया गांव के पास हुआ। स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रक में घुस गई। बस ड्राइवर की मौत हो गई और 21 यात्री घायल हो गए। इसके बाद सुबह करीब 10:30 बजे नांगल राजावतान थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे देखने पहुंचे दो युवक को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया, जिससे दोनों की मौत हो गई। वहीं, सदर थाना क्षेत्र में सुबह 10:30 एक्सप्रेसवे के चैनल नंबर 161 के पास कार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिसमें जयपुर के चार लोग घायल हो गए। पहले देखिए, स्लीपर-ट्रक हादसे से जुड़ी PHOTOS… 1. स्लीपर बस ट्रक में घुसी, ड्राइवर की मौत दौसा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रक में घुस गई। बस के आगे का हिस्सा चकनाचूर हो गया। ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। 21 यात्री घायल हो गए। हादसा कोलवा थाना क्षेत्र के गुड़लिया गांव के पास शुक्रवार सुबह 7.30 बजे हुआ। एसपी पीयूष दीक्षित ने बताया- माईमाई ट्रैवल्स की स्लीपर बस अहमदाबाद (गुजरात) से दिल्ली जा रही थी। कोलवा थाना क्षेत्र के गुड़लिया गांव के पास स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रक में घुस गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। एक्सीडेंट की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सूचना पर कोलवा और सदर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने कई एंबुलेंस की मदद से घायलों को दौसा जिला हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। ड्राइवर सुरेंद्र सिंह राजपूत (46) निवासी सत्यनारायण नगर, अमरेवाडी (अहमदाबाद) की मौत हुई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। क्षतिग्रस्त बस और ट्रक को क्रेन की मदद से एक्सप्रेसवे से हटाया गया और ट्रैफिक को सुचारू करवाया। 2. एक्ससप्रेस देखने पहुंचे दो युवकों को ट्रक ने कुचला नांगल थाना इंचार्ज हुसैन अली ने बताया- नांगल राजावतान थाना क्षेत्र चूड़ियावास निवासी साहिल मीणा (16) और जयपुर के बांसखोह क्षेत्र के उगास निवासी महेंद्र मीणा (22) दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे देखने के लिए चूड़ियावास गांव के पास ऊपर चढ़े थे। दोनों रेलिंग के पास खड़े थे। इसी दौरान दौसा से लालसोट की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने दोनों को कुचल दिया। हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया। हादसे की जानकारी मिलने पर परिजन दोनों युवकों को जिला हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस टक्कर मारने वाले ट्रक की तलाश कर रही है। मामले की जांच जारी है। 3. कार को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, जयपुर के चार लोग घायल जिला हॉस्पिटल चौकी में तैनात मनीष पांडे ने बताया- सदर थाना में एक्सप्रेसवे पर चैनल नंबर 161 के पास हादसे में चार लोग घायल हो गए। कार को अज्ञात वाहन टक्कर कर फरार हो गया। हादसे में जयपुर के रहने वाले लोकेश सिंह (25) निवासी हरमाड़ा, पीयूष अग्रवाल (27) निवासी कालवाड़ रोड, रूचिर व्यास (25) निवासी वैशाली नगर और विनित वर्मा (43) निवासी लक्ष्मण नगर श्याम नगर घायल हो गए। सभी को दौसा जिला हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। --- डेढ़ महीने पहले बस-ट्रेलर की भिड़ंत में हुई थी 8 मौत कोलवा थाना क्षेत्र में आज जहां हादसा हुआ है, उससे करीब एक किलोमीटर दूर एक जुलाई को बस-ट्रेलर में भिड़ंत के बाद आग लग गई थी। हादसे में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। इनमें 6 लोगों की मौत आग में झुलसने और 2 की सिर पर चोट लगने के कारण हुई थी। बस ऋषिकेश से इंदौर जा रही थी। स्लीपर बस में मध्य प्रदेश के अलग-अलग जिलों के 40 पैसेंजर्स थे। पूरी खबर पढ़िए केंद्रीय मंत्री गडकरी ने किया था एक्सप्रेसवे का निरीक्षण केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी 8 जुलाई को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का निरीक्षण करने राजस्थान पहुंचे थे। उन्होंने लबान इंटरचेंज (बूंदी) से दरा टनल (कोटा) तक करीब 90KM की दूरी में एक्सप्रेसवे का निरीक्षण किया था। केंद्रीय मंत्री ने अफसरों को नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया और पुलिस की ओर से एक्सप्रेसवे पर गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए थे। उनके साथ लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और सीएम भजनलाल शर्मा भी थे। पूरी खबर पढ़िए