दौसा जिला अस्पताल में नर्सेज और पीएमओ के चल रहे विवाद का गुरुवार को खत्म हो गया। यहां नर्सिंग ऑफिसर्स के मान-सम्मान, अधिकारों और विभिन्न मांगों को लेकर नर्सेज एसोसिएशन के नेतृत्व में चल रहा आंदोलन समझौता वार्ता के बाद स्थगित कर दिया गया। सीएमएचओ डॉ. सीताराम मीना की अध्यक्षता में प्रशासन और नर्सेज एसोसिएशन के पदाधिकारियों के बीच वार्ता हुई। कार्रवाई के आश्वासन पर माने बैठक में पीएमओ डॉ. आरके मीणा, उपनियंत्रक, हेल्थ मैनेजर, पूर्व सीएमएचओ तथा नर्सेज एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष महेंद्र कुमार मीणा सहित संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे। वार्ता में संगठन की ओर से दिए मांग-पत्र पर चर्चा की गई। समझौते के तहत नर्सिंग अधीक्षक एवं संगठन को अपमानित करने वाली भाषा के प्रयोग के मामले में आवश्यक कार्रवाई करने और भविष्य में ऐसी स्थिति नहीं होने देने पर सहमति बनी। वहीं पीएमओ ऑफिस की ओर से गठित पांच सदस्यीय समिति की रिपोर्ट एवं अनुशंसाओं के अनुसार नर्सिंग संवर्ग की ड्यूटी संबंधी आदेशों की समीक्षा कर कार्रवाई करने पर भी सहमति बनी। इसके अलावा नर्सिंग ऑफिसर्स की योग्यता, प्रशिक्षण और विशेषज्ञता के अनुरूप लेबर रूम सहित अन्य विभागों में कार्य आवंटन एवं पदस्थापन में प्राथमिकता देने की बात कही गई। कर्मचारियों को प्रताड़ित नहीं करने तथा किसी भी कार्मिक के खिलाफ द्वेषपूर्ण कार्रवाई नहीं किए जाने का आश्वासन भी दिया गया।