दौसा जिले में रबी फसलों की बुवाई से पहले डीएपी खाद की डिमांड और सप्लाई में गड़बड़ी की शिकायतें आ रहीं है। जिसको लेकर कृषि विभाग सक्रिय हो गया है। विभाग द्वारा किसानों को कार्मिकों की मौजूदगी में डीएपी और अन्य उर्वरकों का वितरण कराया जा रहा है। संयुक्त निदेशक रामराज मीणा ने बताया- जिले में किसानों की जरूरत के हिसाब से यूरिया, एसएसपी और एनपीके उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है और डीएपी की आपूर्ति भी लगातार जारी है। आगामी एक-दो दिनों में जिले की सहकारी समितियों में करीब 20 हजार बैग डीएपी की आपूर्ति होने जा रही है। इन समितियों में हो रही सप्लाई संयुक्त निदेशक ने बताया कि किसानों को उर्वरकों की सुगमता के लिए प्राथमिकता के आधार पर क्रय-विक्रय सहकारी समिति दौसा, लालसोट, सिकराय, बांदीकुई, मंडावर और ग्राम सेवा सहकारी समितियों में डीएपी एवं अन्य उर्वरकों की आपूर्ति करवाई जा रही है। विभागीय अधिकारियों और कार्मिकों की मौजूदगी में उर्वरकों का वितरण कराया जा रहा है, जिससे किसानों को निर्धारित व्यवस्था के अनुसार उर्वरक उपलब्ध हो सकें। अब तक कई हजार मैट्रिक टन खाद पहुंची उन्होंने बताया कि अक्टूबर 2026 से फरवरी 2027 तक जिले में यूरिया की मांग 36 हजार मीट्रिक टन के मुकाबले अब तक 27,730 मीट्रिक टन, डीएपी की मांग 15 हजार मीट्रिक टन के मुकाबले 5,926 मीट्रिक टन, एनपीके की मांग 4,800 मीट्रिक टन के मुकाबले 1,697 मीट्रिक टन और एसएसपी की मांग 7,500 मीट्रिक टन के मुकाबले 7,843 मीट्रिक टन की आपूर्ति हो चुकी है। आवश्यकता के अनुसार ही उर्वरक खरीदें साथ ही उन्होंने किसानों से अपील की है कि केवल अभी की जरूरत के हिसाब से ही उर्वरक की खरीद करें। अक्टूबर और नवंबर में डीएपी और बाकी उर्वरकों की आपूर्ति लगातार जारी रहेगी। वैकल्पिक उर्वरकों के उपयोग की सलाह कृषि विभाग ने किसानों को डीएपी के स्थान पर उपलब्ध वैकल्पिक उर्वरकों के उपयोग की भी सलाह दी है। भूमि की उर्वरता और फसलों में जरूरी पोषक तत्वों की उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए सिंगल सुपर फास्फेट, यूरिया और एनपीके उर्वरकों का उपयोग किया जा सकता है। सिंगल सुपर फास्फेट में उपलब्ध 11 प्रतिशत सल्फर दलहनी फसलों में प्रोटीन और तिलहनी फसलों में तेल की मात्रा बढ़ाने में सहायक होता है और पाला से फसल को कम प्रभावित होने में भी मदद करता है। उन्होंने किसानों को सलाह दी है कि रबी फसलों की बुवाई के लिए एक बैग डीएपी के स्थान पर तीन बैग सिंगल सुपर फास्फेट और एक बैग यूरिया का उपयोग किया जा सकता है।