दौसा जिले की 14 पंचायत समितियों की 362 ग्राम पंचायतों में सरपंच पदों और वार्ड पंचों के पदों के आरक्षण की लॉटरी निकाली गई। दौसा पंचायत समिति की 37 ग्राम पंचायतों की लॉटरी कलेक्ट्रेट सभागार में निकाली गई। एसडीएम संजू मीणा व तहसीलदार गजानंद मीणा के निर्देशन में लॉटरी प्रक्रिया पूरी की गई। राज्य सरकार के निर्देश के अनुसार आरक्षण रोस्टर के तहत स्कूली बच्चों से लॉटरी की पर्चियां निकलवाई गईं। इस दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में लोगों की भीड़ रही। लोग लॉटरी प्रक्रिया पूरी होने तक मौके पर डटे रहे। जिले की अन्य पंचायत समितियों में भी लॉटरी प्रक्रिया कराई गई। बांदीकुई, बसवा, महवा, मंडावर, बैजूपाड़ा, सिकराय, लवाण, नांगल राजावतान और लालसोट के एसडीएम कार्यालयों में भी ग्राम पंचायतों और वार्ड पंचों के आरक्षण की लॉटरी निकाली गई।