डीग नगर परिषद के सभापति पद पर अर्पित गुप्ता के निर्विरोध चुने जाने के बाद बुधवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहर में विजय जुलूस निकाला। इस जुलूस में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ शहर के कई गणमान्य नागरिक भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। यह विजय जुलूस शहर के मुख्य रास्तों से होकर गुजरा। इस दौरान जगह-जगह लोगों ने सभापति अर्पित गुप्ता पर फूल बरसाकर उनका स्वागत किया। समर्थकों ने उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर बधाई दी। जुलूस में डीग-कुम्हेर विधायक डॉ. शैलेश सिंह, भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और शहर के गणमान्य लोग मौजूद रहे। लोगों की बड़ी संख्या के कारण शहर में उत्सव जैसा माहौल बन गया। कार्यकर्ताओं ने सभापति अर्पित गुप्ता को बधाई देते हुए नगर परिषद के विकास और शहर की समस्याओं के समाधान की उम्मीद जताई। इस मौके पर सभापति अर्पित गुप्ता ने लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र के विकास के लिए सभी के साथ मिलकर काम किया जाएगा। शहर की मूलभूत सुविधाओं जैसे साफ-सफाई, सड़क, पानी की निकासी और आम लोगों से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता से हल किया जाएगा।