डीग जिले में साइबर ठगों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन काउंटडाउन’ के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जुरहरा थाना पुलिस और डीएसटी की संयुक्त टीम ने महंगे होटलों में सस्ते कमरे बुक कराने का झांसा देकर साइबर ठगी करने वाले गिरोह के छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 6 फर्जी सिम कार्ड, एक थार, एक क्रेटा कार और 17 हजार 400 रुपए नकद बरामद किए हैं। फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर देते थे सस्ते कमरे का लालच पुलिस के मुताबिक, आरोपी सोशल मीडिया पर फर्जी नाम और पते से आईडी बनाकर अकाउंट संचालित करते थे। इन अकाउंट के जरिए महंगे होटलों में कम कीमत पर कमरे उपलब्ध कराने का प्रचार किया जाता था। सस्ते कमरे के लालच में जब कोई व्यक्ति उनसे संपर्क करता, तो आरोपी बातचीत के जरिए उसे भरोसे में लेते और इसके बाद ऑनलाइन बुकिंग या अन्य प्रक्रिया के नाम पर पैसे लेकर ठगी करते थे। फर्जी सिम से खुद भी ठगी, दूसरे ठगों को भी सप्लाई जांच में सामने आया कि आरोपी साइबर ठगी के लिए फर्जी सिम कार्ड का इस्तेमाल करते थे। पुलिस के अनुसार, गिरोह से जुड़े आरोपी दूसरे साइबर ठगों को भी फर्जी सिम कार्ड उपलब्ध कराते थे। आरोपी खुद इन सिम कार्ड का इस्तेमाल कर साइबर ठगी की वारदातों को अंजाम देते थे। मोबाइल और वाहनों समेत नकदी जब्त संयुक्त कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच एंड्रॉयड मोबाइल फोन और छह फर्जी सिम कार्ड बरामद किए। इसके अलावा साइबर ठगी में इस्तेमाल किए जाने वाले एक थार और एक क्रेटा वाहन को भी जब्त किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 17,400 रुपए नकद भी बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल और सिम कार्ड की जांच के जरिए पुलिस साइबर ठगी से जुड़े अन्य मामलों और आरोपियों के संपर्कों की जानकारी जुटा रही है। ये आरोपी गिरफ्तार पुलिस ने साइबर ठगी के आरोप में इरफान (25) पुत्र इकबाल, जाहुल (22) पुत्र इकबाल, असगर (27) पुत्र हनीफ, हैदर (22) पुत्र रहीम खां और दिलशाद (21) पुत्र शब्बीर, सभी निवासी नौगामा थाना जुरहरा, जिला डीग, तथा शारूख (25) पुत्र फारूख निवासी पाउसर थाना वहीन, जिला पलवल, हरियाणा को गिरफ्तार किया है। बैंक खातों और अन्य वारदातों की भी जांच पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ में साइबर ठगी की अन्य वारदातों, गिरोह से जुड़े लोगों, फर्जी सिम कार्ड की सप्लाई तथा ठगी से जुड़े बैंक खातों और ऑनलाइन लेनदेन के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। एसपी के निर्देशन में कार्रवाई यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक डीग शरण गोपीनाथ के. आईपीएस के निर्देशन में जिले में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन काउंटडाउन’ के तहत की गई।