डीग पुलिस ने साइबर ठगी के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन काउंटडाउन' अभियान के तहत 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान एक नाबालिग को भी पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 8 एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 2 फर्जी सिम कार्ड बरामद किए हैं। यह कार्रवाई खोह थाना पुलिस ने डीएसटी और क्यूआरटी टीम के सहयोग से की। एसपी शरण गोपीनाथ के. के निर्देश पर साइबर अपराधों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 21 सितंबर को खोह थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली। मुखबिर ने बताया कि चुल्हैरा की ओर गोशाला के पास कुछ लोग साइबर ठगी कर रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और कार्रवाई की। पुलिस ने मौके से शकील पुत्र सिरदार (27), समीना पुत्र रजाक (26), राशिद पुत्र ईशाक (28), आबिद पुत्र जैकम (20), आदिल पुत्र रजाक (23), आदिल पुत्र हसन (19) और जावेद पुत्र जैकम (19) को गिरफ्तार किया। ये सभी चुल्हैरा, थाना खोह, जिला डीग के रहने वाले हैं। इनके साथ एक नाबालिग को भी पकड़ा है। आरोपियों के पास से 8 एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 2 फर्जी सिम कार्ड जब्त किए गए हैं। फर्जी व्हाट्सऐप नंबरों से बनते थे अलग-अलग पहचान पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे फर्जी मोबाइल नंबरों और सिम के माध्यम से फर्जी व्हाट्सऐप नंबर बनाकर लोगों से अलग-अलग तरीकों से संपर्क करते थे। पुलिस के अनुसार आरोपी कभी खुद को सूट-साड़ी बेचने वाला, कभी सेना का जवान बताकर तथा कभी बिल्डिंग मैटेरियल का सामान बेचने के नाम पर लोगों से ठगी करते थे।